October 10, 2024

भारत अध्ययन केंद्र, विक्रम विश्वविद्यालय में जैन धर्म में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ होगा – विक्रम विश्वविद्यालय एवं महावीर तपोभूमि ट्रस्ट, भद्रबाहु प्रज्ञापीठ के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए

उज्जैन,05 दिसम्बर (इ खबरटुडे /ब्रजेश परमार)। सोमवार को प्रसिद्ध संत आचार्य श्री प्रज्ञासागर महाराज के विशिष्ट व्याख्यान के साथ विक्रम विश्वविद्यालय एवं महावीर तपोभूमि ट्रस्ट, भद्रबाहु प्रज्ञापीठ के मध्य जैन धर्म पर केंद्रित स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारम्भ करने का एमओयू हस्ताक्षर किया गया है। विक्रम विश्वविद्यालय के भारत अध्ययन केंद्र में यह किया जाएगा। यह पाठ्यक्रम राष्ट्र एवं समाज को दिशा देगा।

अपने व्याख्यान में तपोभूमि प्रणेता आचार्य 108 श्री प्रज्ञासागर जी महाराज ने कहा कि शिक्षा सदा से महत्त्वपूर्ण रही है। ऐसा कोई काल नहीं रहा, जब इसकी महिमा न रही हो। माताएँ अपनी – अपनी परम्परा और धर्म के अनुसार शिक्षा देती रही हैं। बड़े होने पर उन बच्चों में वैचारिक खींचतान प्रारम्भ हो जाती है। इसलिए शिक्षा में क्रांति की आवश्यकता है। नई पीढ़ी को इंसानियत सिखाने से परिवर्तन सम्भव है। आज युवा पीढ़ी में विश्वास जाग्रत करने की जरूरत है। आज जरूरी है कि विद्यालयों में मानव धर्म की शिक्षा दी जाए। दुनिया के सभी धर्म, सभी भगवान कहते हैं कि मानव बनो। विश्वास के स्थान पर विचार जगाने की दिशा में ध्यान दिया जाना चाहिए। लोगों को अनुशासित बनाने के बजाय विवेकवान बनाना चाहिए। हंस की तरह विवेक जाग्रत करने का काम शिक्षा करती है। विवेकशील बनाने पर व्यक्ति हाँ को हाँ कह पाएगा, ना को ना कह सकेगा। जो भी पढ़ाया जाए वह बच्चों को इंसान बनाए, विवेकवान बनाए।

शिक्षा संस्थाओं में सिद्धांतों के ज्ञान के साथ साथ प्रायोगिक शिक्षा भी दी जाना चाहिए। गुरुकुलों में शिक्षा देने के साथ दीक्षार्थी को कार्य करना भी सिखाया जाता था। शिक्षा केंद्रों में बच्चों को तन, मन और जीवन से मजबूत बनाने का कार्य हो। नए दौर में गुरुकुल शिक्षा को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। संस्कारयुक्त शिक्षा ग्रेट बनाता है, जबकि संस्कारविहीन शिक्षा केवल ग्रेजुएट बनाती है। हमें शिक्षा पर सम्यक् ढंग से सोचने की आवश्यकता है। भारत में संन्यासियों की महिमा रही है, सत्ताधीशों की नहीं। शासन द्वारा शिक्षा नीति में परिवर्तन का कार्य किया जा रहा है, जो महत्त्वपूर्ण है। मातृभाषा के माध्यम से शिक्षा पर बल दिए जाने की जरूरत है। हिंदी को लेकर गौरव का भाव हम सब में हो, हिंदी का बहुमान होना चाहिए। शिक्षकों की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, वह चाणक्य बनकर चंद्रगुप्त को तैयार करे, वह नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाए। शिक्षा बंधन में नहीं बांधती, स्वतंत्रता देती है। स्वतंत्रता, स्वछंदता नहीं है, व्यक्ति को खुले आसमान में उड़ना सिखाए, यह शिक्षा का उद्देश्य है। अज्ञात को जानने की कोशिश विद्यार्थी की होना चाहिए।

विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो अखिलेश कुमार पांडेय ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि महाराज श्री प्रज्ञासागर जी राष्ट्रनिर्माण में शिक्षा की भूमिका पर पर निरंतर प्रेरणा देते रहे हैं। विक्रम विश्वविद्यालय के भारत अध्ययन केंद्र में जैन धर्म पर केंद्रित स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारम्भ किया जाएगा। यह पाठ्यक्रम राष्ट्र एवं समाज को दिशा देगा।

कार्यक्रम में विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन एवं महावीर तपोभूमि ट्रस्ट, भद्रबाहु प्रज्ञापीठ के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर दिगंबर जैन सामाजिक संसद के सचिव श्री सचिन कासलीवाल ने जैन धर्म में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर कुलपति प्रोफ़ेसर अखिलेश कुमार पांडेय सहमति दी। यह पाठ्यक्रम अगले सत्र से प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर एमओयू पर हस्ताक्षर के लिए विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति ,कुलसचिव डॉ प्रशांत पुराणिक, डॉक्टर रमण सोलंकी एवं तपोभूमि के संस्थापक प्रमुख श्री अशोक जैन चायवाला, अध्यक्ष सुनील जैन, सचिव धर्मेंद्र सेठी, कार्याध्यक्ष दिनेश जैन सुपर फार्मा, पवन बोहरा आदि उपस्थित थे।

You may have missed