May 19, 2024

नीलगाय के हमले से पुलिसकर्मी बाइक सहित 15 फीट ऊपर उछला, तीन घायल,नीलगाय की मौके पर ही मौत

रतलाम,02 फरवरी (इ खबरटुडे)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में नीलगायों (घोड़ रोज) का आतंक दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही नीलगाय सड़क पर चल रहे वाहन सवार पर पर हमले भी कर रही है।

ताल थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर नीलगायों ने दो बाइक सवारों पर हमला कर दिया। इससे एक पुलिसकर्मी सहित दो व्यक्ति घायल हो गए। पुलिसकर्मी को इलाज के लिए उज्जैन ले जाया गया है, वहीं दूसरे घायल युवक को जावरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार 24 वर्षीय राहुल चौधरी पुत्र झुझारलाल चौधरी निवासी ग्राम लुनी मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बाइक पर गांव से ताल जा रहा था। तभी रास्ते में ग्राम मालाखेड़ा के पास अचानक नीलगाय सड़क पर आई तथा उसने राहुल की बाइक को टक्कर मार दी।

इससे राहुल बाइक सहित नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे व उसे ताल के सरकारी अस्पताल भिजवाया। वहां से स्वजन उसे इलाज के लिए जावरा ले गए। दूसरी घटना दुधतलाई-खारवाकला मार्ग पर उज्जैन के महिदपुर सिटी थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी 35 वर्षीय मंगलसिंह पुत्र निर्भयसिंह के साथ हुई।

मंगलसिंह दोपहर करीब साढ़े तीन बजे किसी काम से दुधतलाई-खारवाकला होकर ताल जा रहे थे। तभी रास्ते में सडक किनारे स्थित खेतों से एक नीलगाय दौड़ती हुई सड़क पर आई तथा मंगलसिंह की बाइक को जोरदार टक्कर मारी। इससे मंगलसिंह बाइक सहित करीब 15 फीट ऊपर उछलकर नीचे जा गिरा।

इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें इलाज के लिए उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक को नीलगाय ने बहुत जोर से टक्कर मारी थी, जिससे नीलगाय सड़क किनारे जाकर गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds