October 12, 2024

Russia Ukraine War : यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से आज बात करेंगे पीएम मोदी, संकट के बीच 125 डॉलर प्रति बैरल हुआ कच्चा तेल

नई दिल्ली,07 मार्च(इ खबर टुडे)। रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध का आज 12वां दिन है। 12वें दिन रूस ने यूक्रेन के कई शहरों में हमले तेज कर दिए हैं। खारकीव में कई रिहायशी इलाकों पर भी हमला किया गया है। इस बीच दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल आज तीसरी बात वार्ता करेंगे। इससे पहले हुई वार्ता में सुरक्षित कॉरिडोर पर सहमति बनी थी। आज होने वाली बातचीत में युद्ध विराम पर चर्चा हो सकती है।

यूक्रेन संकट के बीच कच्चे तेल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। खबरों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 10 डॉलर प्रति बैरल बढ़कर 125 डॉलर तक पहुंच चुके हैं।

जेलेंस्की से आज बात करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, यूक्रेन संकट के बीच भारतीय छात्रों की सुरक्षा और युद्ध को टालने के लिए पीएम मोदी फोन पर वार्ता करेंगे।

कीव में गोलीबारी में घायल भारतीय छात्र लौटेगा भारत
पिछले दिनों कीव में सैनिकों की ओर से हुई गोलीबारी में घायल हुआ भारतीय छात्र हरजोत सिंह जल्द ही भारत लौटेगा। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने ट्वीट किया कि, गोली लगने के बाद हरजोत का पासपोर्ट भी गुम हो गया था। हालांकि, वह मंगलवार को भारत लौट आएंगे।

यूक्रेन संकट के बीच सोने के भाव में इजाफा
यूक्रेन संकट के बीच अर्थव्यवस्था तेजी से चरमरा रही है। इस बीच सोने के भाव में भी तेज उछाल देखा गया है। सोमवार सुबह एशियाई बाजार में सोना 2,000 डॉलर प्रति औंस से अधिक हो गया। यह सितंबर 2020 के बाद का उच्चतम स्तर है।

You may have missed