April 25, 2024

Election Nomination : नामांकन जमा करने के आखरी दिन पार्टियों और उम्मीदवारों ने दिखाई ताकत,कलेक्टोरेट में दिन भर चली गहमा गहमी,कई निर्दलीय भी मैदान में (देखिए लाइव विडीयो)

रतलाम, 18 जून (इ खबरटुडे)। नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के आखरी दिन दोनो प्रमुख पार्टियों भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों ने रैली निकालकर अपने नामांकन दाखिल किए। दोनो ही पार्टियों ने जबर्दस्त रैलियां निकाल कर अपनी ताकत दिखाई। वहीं कई निर्दलीयों ,बागियों और आम आदमी पार्टी जैसी कुछ पार्टियों के प्रत्याशियों ने भी अपने नामांकन दाखिल किए। महापौर पद के लिए प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों के अलावा बाजपा के कुछ बागियों ने भी नामांकन दाखिल किए है। नामांकन का आखरी दिन होने से कलेक्टोरेट परिसर में सारा दिन गहमा गहमी बनी रही।

भाजपा ने किया शक्ति प्रदर्शन

भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद पटेल की नामांकन रैली में प्रदेश के उद्योग मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा,नगर विधायक चैतन्य काश्यप,पूर्व गृहमंत्री वरिष्ठ नेता हिम्मत कोठारी आदि प्रमुख रुप से शामिल थे। भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद पटेल,मंत्री श्री सकलेचा,नगर विधायक चैतन्य काश्यप इत्यादि खुली जीप में चल रहे थे। भाजपा की रैली में पार्षद प्रत्याशियों के अलावा भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। यह रैली शहर के सभी प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्टोरेट पंहुची जहां श्री पटेल ने अपना नामांकन दाखिल किया।

भाजपा की रैली की खासियत यह थी कि इस रैली में धुर विरोधी माने जाने वाले शहर विधायक चैतन्य काश्यप और हिम्मत कोठारी दोनो ही शामिल थे। इतना ही नहीं कोठारी समर्थक तमाम नेताओं ने रैली में बराबरी से हिस्सा लिया। इतना ही नहीं महापौर पद के दावेदार रहे तमाम नेता जैसे अशोक पोरवाल,प्रवीण सोनी इत्यादि भी रैली में शामिल थे।

नामांकन दाखिल करने के बाद मीडीयाकर्मियों से चर्चा करते हुए भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने कहा कि जनता भाजपा के साथ है और उनकी जीत सुनिश्चित है।

कांग्रेस ने भी दिखाया दम

कांग्रेस प्रत्याशी मयंक जाट के नामांकन के लिए निकाली गई रैली भी बहुत बडी थी। कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों के अलावा भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्र्रेस के तिरंगे झण्डे लेकर रैली में चल रहे थे। कांग्रेस प्रत्याशी मयंक जाट शहर अध्यक्ष महेन्द्र कटारिया,पार्षद प्रत्याशी,राजीव रावत, संजय दवे और प्रेमलता दवे इत्यादि खुली जीप में चल रहे थे,जबकि बडी संख्या में दो पहिया वाहनों पर कार्यकर्ता चल रहे थे।

कांग्रेस की रैली देखकर अब तक एक तरफा समझे जा रहे मुकाबले के रोचक होने के कयास लगाए जाने लगे है। कांग्रेस की यह विशाल रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्टोरेट पंहुची जहां मयंक जाट और पार्षद पद के प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए।

नामांकन दाखिल करने के बाद मीडीया कर्मियों से चर्चा करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी मयंक जाट ने कहा कि कांग्र्रेस की विशाल रैली से ही यह स्पष्ट है कि जनता भाजपा के भ्रष्टाचार से नाराज है और कांग्रेस के साथ है। उन्होने नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित होने का दावा किया।

बागी भी पंहुचे कलेक्टोरेट

नामांकन के आखरी दिन भाजपा में टिकट नहीं मिलने से नाराज कई बागी प्रत्याशियों ने भी नामांकन दाखिल किए। पूर्व पार्षद सीमा टांक ने महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। वहीं बाजपा के मीडीया प्रभारी रहे अरुण राव और जनक नागल इत्यादि द्वारा भी नामांकन दाखिल किए जाने की सूचना है।

कलेक्टोरेट में पुख्ता इंतजाम

नामांकन का आखरी दिन होने से कलेक्टोरेट कार्यालय में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कलेक्टोरेट परिसर के भीतर केवल प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावक समर्थक को प्रवेश दिया जा रहा था। कलेक्टोरेट परिसर में दिन भर गहमा गहमी बनी रही। तमाम प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी नामांकन लेने में जुटे रहे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds