October 12, 2024

Russia-Ukraine war : यूक्रेन में राष्ट्रीय आपाताकाल घोषित, हर नागरिक को रूस से लड़ाई के लिए तैयार रहने को कहा

कीव,24फरवरी(इ खबर टुडे)। रूस और यूक्रेन के बीच का तनाव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हालात युद्ध के बेहद करीब पहुंच चुके हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि कभी भी रूस की तरफ से यूक्रेन पर हमला हो सकता है। इसी बीच खबर आ रही है कि यूक्रेन की संसद ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है। इससे पहले अमेरिका यूक्रेन को चेतावनी दे चुका है कि रूस की तरफ से 48 घंटों के अंदर यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमला हो सकता है।

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेन के आस-पास मौजूद रूस की करीब 80 फीसदी सेना हमले के लिए तैयार खड़ी है। यानी बस एक इशारे पर रूस की सेना यूक्रेन पर टूट पड़ेगी।

हर नागरिक को लड़ाई के लिए तैयार रहने को कहा
यूक्रेन सरकार ने कहा है कि 30 दिन के इस आपातकाल के दौरान देश का हर वह शख्स को सेना में लड़ने लायक है, उसे देश की सेवा करते हुए अनिवार्य रूप से सेना को अपनी सेवाएं देनी होंगी। यूक्रेन के पास अभी करीब 2 लाख लोगों की सेना है।

बाइडन प्रशासन नॉर्ड स्ट्रीम 2 एजी कंपनी पर लगाएगा प्रतिबंध
खबर आ रही है कि बाइडन प्रशासन नॉर्ड स्ट्रीम 2 एजी कंपनी पर प्रतिबंध लगाने की सोच रहा है, जिसने रूस की नॉर्ड स्ट्रीम 2 गैस पाइपलाइन बनाई है। अमेरिका के एक अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि बाइडन इस संबंध में दिन में बाद में घोषणा कर सकते हैं। इससे पहले जर्मनी ने मंगलवार को कहा था कि वह अनिश्चितकाल के लिए इस परियोजना को सस्पेंड कर रहा है। इस पाइपालन के निर्माण का काम पूरा हो चुका है, लेकिन अभी तक इसका संचालन शुरू नहीं हुआ है।

अमेरिका ने यूक्रेन को चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे में रूस की तरफ से यूक्रेन पर हमला हो सकता है। चेतावनी में कहा है कि रूस ने हमला करने की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। एक दिन पहले ही रूसी संसद ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को विदेश में सैन्य तैनाती का पूरा अधिकार दिया था। खुद पुतिन ने कहा था कि वे डोनेट्स्क और लुहान्स्क को पीपुल्स रिपब्लिक घोषित करने के बाद उन्हें सैन्य सहायता प्रदान करने पर विचार कर रहे हैं। यूक्रेन की तरफ से इन दो इलाकों को स्वतंत्र देश का दर्जा दिया जा रहा है। अमेरिका समेत पश्चिमी देशों ने रूस की इस हरकत पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए रूस के खिलाफ कई प्रतिबंधों का ऐलान किया है।

यूक्रेन की सरकार के एक करीबी सूत्र ने बताया है कि उन्हें अमेरिका से इस तरह की चेतावनी मिली है। पिछले एक महीने में यह तीसरी ऐसी चेतावनी है, जिसमें कहा गया है कि रूस हमला कर सकता है। सूत्र ने कहा कि यह निश्चित रूप से संभव है, पुतिन इतने अधिक सैनिकों को बॉर्डर पर अधिक समय तक नहीं रख सकते। पेंटागन के आकलन के अनुसार रूस की तरफ से हवाई हमले, क्रूज मिसाइल और जमीन पर आक्रमण हो सकता है।

You may have missed