हरियाणा भाजपा में कुछ फेरबदल होने की संभावना है। इसके बावजूद प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली का दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा…

hatyana news: हरियाणा भाजपा में कुछ फेरबदल होने की संभावना है। इसके बावजूद प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली का दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो उनका नाम फाइनल हो चुका है। नवरात्र में ही उनके नाम की घोषणा हो सकती है। बड़ौली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर चुके हैं। इसके अलावा कुछ भाजपा नेताओं पर गाज गिर सकती है। भाजपा के संगठन चुनाव प्रभारी अरुण सिंह जल्द ही भाजपा के प्रदेश में चुनाव की घोषणा कर सकते हैं।
बड़ौली के रोकने वालों पर गिरेगी गाज
भाजपा के दो पूर्व सांसद और एक केंद्रीय मंत्री के करीबी नेता पर गाज गिर सकती है। इन तीनों का नाम मोहनलाल बड़ौली को दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर रोड़ा अटकाने में चल रहा है। इसके अलावा एक जाति से जुड़ी लॉबी पर भी कार्रवाई हो सकती है। भाजपा हाईकमान इन पर कार्रवाई करने के लिए सख्त रुख अपना सकती है। पार्टी हाईकमान के पास जो रिपोर्ट पहुंची है, उसके अनुसार यह लॉबी मोहनलाल बड़ौली को दोबारा अध्यक्ष बनने से रोकने के लिए प्रयास कर रही है। कसौली में जो गैंगरेप का मामला था, उस मामले को यह लोग अब भी हवा देने में लगे हुए हैं। इससे पार्टी की बदनामी हो रही है। इसको लेकर भाजपा हाईकमान पहले ही अपना रुख तैयार कर चुका है।
हाईकमान ने मांगी रिपोर्ट
हरियाणा में विधानसभा चुनाव में जीत का इनाम मोहनलाल बड़ौली को मिलना तय था। इसी कारण उनको दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने की सूचनाएं आ रही हैं। पिछले साल हिमाचल के कसौली में मोहनलाल बड़ौली पर जो गैंगरेप के आरोप लगे थे, कुछ भाजपा नेताओं ने उस एफआईआर की कॉपी को वायरल कर दिया था। अब पुलिस जांच में यह मामला फर्जी निकला है। जिस युवती ने आरोप लगाए थे, वही अब हनीट्रैप में फंस गई है। ऐसे में जो लोग मोहनलाल बड़ौली के खिलाफ सक्रिय थे, उनको छिपने की जगह नहीं मिल रही है। सूत्रों की मानें तो जो लोग अध्यक्ष पद के लिए नगर गड़ाए बैठे थे, यह उनकी ही साजिश थी, या इस साजिश में शामिल थे। इन लोगों ने बड़ौली पर पद छोड़ने का दबाव बनाने का प्रयास किया। इस कारण भाजपा की काफी किरकिरी हुई। अब भाजपा हाईकमान इन नेताओं पर कार्रवाई के लिए तैयार बैठा है।
दोबारा अध्यक्ष बनाए जाने के पीछे तर्क
विधानसभा चुनाव में भाजपा को हरियाणा में बहुमत मिला था। इससे पहले जो लोकसभा चुनाव हुए थे, उसमें भाजपा पांच सीट जीत पाई थी। ऐसे में बहुमत मिलना मुश्किल था, लेकिन बड़ौली के नेतृत्व में भाजपा ने बहुमत हासिल किया। वहीं मोहनलाल बड़ौली ने भाजपा सदस्यता अभियान चलाकर भारी संख्या में लोगों को भाजपा सदस्य बनवाया। उनके नेतृत्व में भाजपा हरियाणा में 45 लाख से ज्यादा सदस्य तथा 50 हजार से ज्यादा सक्रिय कार्यकर्ता हो गए। अभी हाल ही में हुए निकाय चुनाव में भी भाजपा ने जीत हासिल की है। प्रदेश की दस नगर निगमों में से भाजपा ने अपने नौ मेयर बना लिए। इसके अलावा 23 नगरपालिकाओं में से आठ में भाजपा तथा 15 निर्दलीय जीते हैं। पांच नगर परिषद भाजपा ने पूरी तरह से साफ कर दी।