October 13, 2024

Murderer Arrest : 27 दिन पहले अपने घर मे मृत पाए गए युवक की हत्या का राज उजागर,सम्पत्ति विवाद में सगे भाई ने ही की थी हत्या,हत्यारा भाई गिरफ्तार

रतलाम,05 अगस्त (इ खबरटुडे)। जिले के सरवन थानान्तर्गत ग्र्राम इन्द्रावल खुर्द में करीब 27 दिन पहले अपने ही घर के बाहर मृत पाए गए युवक की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतक की हत्या उसी के सगे भाई ने सम्पत्ति विवाद के चलते की थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार,विगत 9 जुलाई की रात करीब 8 बजे इन्द्रावल खुर्द निवासी ईश्वर पिता फूलजी राणा भील 30 की लाश उसी के घर के बाहर चारपाई पर मिली थी। घटना वाले दिन मृतक की पत्नी अपने मायके गई हुई थी।


पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की थी। मृतक के पोस्टमार्टम से यह स्पष्ट हुआ था कि उसकी मौत सिर पर किसी भारी वस्तु के वार से हुई थी। हत्या के तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले की गहनता से जांच की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

घटना के बाद से मृतक ईश्वर के घर के पास ही रहने वाला उसका सगा भाई ऐलम पिता फूल जी घर से गायब था। ऐसे में पुलिस को उस पर संदेह था। पुलिस की जांच में पता चला कि गांव के ही एक युवक हकरु को पूरे घटनाक्रम की जानकारी है। जब पुलिस ने हकरु से पूछताछ की तो पता चला कि घटना वाले दिन मृतक ईश्वर और उसका भाई ऐलम साथ में बैठकर शराब पी रहे थे। ऐलम की गाय हकरु के खेत में घुसकर मक्का खा रही थी। हकरु ने ऐलम की गाय को पकडा और वह गाय लेकर ऐलम के घर पंहुचा। जब हकरु वहां पंहुचा,तो ऐलम ने उसे भी साथ में शराब पिलाई।


पीने पिलाने के दौरान ही ईश्वर और ऐलम में सम्पत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ और नशे के चलते विवाद बढा तो ऐलम ने लोहे की राड से ईश्वर के सिर पर वार किया। सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल हुआ ईश्वर अपने घर के बाहर रखी चारपाई पर कम्बल औढकर लेट गया। इसी चोट से उसकी मौत हो गई। घटना के दिन दोनो भाईयों की पत्नियां अपने मायके में गई हुई थी,इसलिए हकरु के अलावा अन्य किसी को भी इस घटना की जानकारी नहीं थी। बाद मेंजब मृतक ईश्वर की मां घर पंहुची तो ईश्वर की मौत होने की जानकारी सामने आई।

सरवन थाना प्रभारी शिवा निनामा ने बताया कि मृतक के भाई ऐलम पिता फूल जी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी ऐलम को गिरफ्तार कर लिया है।

You may have missed