May 17, 2024

इंदौर में रंगपंचमी की गेर में 5 लाख से ज्यादा लोग हुए शामिल; 3 मिसाइल, ​​​​20 ट्रैक्टर, 3 कंप्रेसर मशीनों से उड़े रंग-गुलाल

इंदौर,22 मार्च( इ खबरटुडे)। कोरोना के चलते दो साल के प्रतिबन्ध के बाद मंगलवार को निकली रंगपंचमी की गेर ऐतिहासिक हो गई। इसमें 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए। गोराकुंड, इतवारिया बाजार, नरसिंह बाजार से शुरू हुई गेर में लोगों की भीड़ राजवाड़ा से जवाहर मार्ग तक देखी गई। लोगों को वाहन पार्किंग की जगह नहीं मिल रही थी। गेर के बाद अब राजवाड़ा समेत पूरे शहर में रंगपंचमी खेली गई ।

कलेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि गेर में 5 लाख से ज्यादा लोग शामिल हुए हैं। यह पहले से दोगुना हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी गेर कही जा सकती है। राजवाड़ा से रीगल तिराहे तक गेर का ही हुजूम दिखाई दे रहा था। इस बार राजवाड़ा में पैर रखने की भी जगह नहीं थी।

राधाकृष्ण फाग यात्रा में भगवा ध्वज लेकर चले युवा

मोरल क्लब की पहली गेर रंग उड़ाते हुए सबसे आगे चल रही थी। इसके बाद राजवाड़ा पर हिन्द रक्षक संगठन की फाग यात्रा पहुंची। राधा कृष्ण फाग यात्रा में सबसे आगे भगवा ध्वज लेकर युवक चल रहे थे। सभी भारत माता की जय के जयघोष लगा रहे थे। शहीद CDS बिपिन रावत को भी श्रद्धांजलि देते हुए एक ट्रक सबसे आगे चल रहा था।

शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

अलग-अलग रंग के साथ मोरल क्लब ने इस बार शहीदों को श्रद्धांजलि दी। अभिमन्यु मिश्रा और अन्य कार्यकर्ताओं ने बताया कि गेर में 20 से अधिक ट्रैक्टर, 3 कंप्रेसर मशीन और 3 मिसाइल से रंग और गुलाल बरसाए गए।

दूसरे राज्यों से गेर देखने आए लोग

दराबाद, मुंबई, वडोदरा, अहमदाबाद सहित मध्यप्रदेश के कई हिस्सों से लोग गेर देखने पहुंचे थे। भीड़ को देखते हुए कलेक्टर मनीष सिंह और पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र सहित अन्य अफसर एक बिल्डिंग से माहौल पर नजर रखे हुए थे।

5 सेक्टर में बांटा था गेर मार्ग को

गेर मार्ग को 5 सेक्टर में बांटा गया था। डीजे के साथ ढोल और पानी के टैंकर से रंग डालने के प्रबंध किए गए थे। गेर के साथ बरसाना की टीम लट्ठमार होली खेलते चल रही थी। वहीं 8 हजार किलो टेसू के फूलों से गुलाल तैयार किया गया था। पांच गेरों में से टोरी कॉर्नर की प्रमुख परंपरागत गेर इस बार नहीं निकली।

हर वर्ग में जबरदस्त उत्साह

युवक-युवतियां, महिलाएं-बच्चों में इस बार गेर को लेकर जबरदस्त उत्साह दिख रहा था। लोग टोलियों में रंग-गुलाल उड़ाते चल रहे थे। ढोल-ताशों और डीजे की धुन पर युवा नाच रहे थे। मोबाइल से सेल्फी लेकर स्टेटस अपडेट कर रहे थे। कई युवा फेसबुक पर लाइव भी कर रहे थे।

महिलाओं की सुरक्षा के खास इंतजाम

कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि दो साल बाद निकल रही गेर को लेकर पुलिस-प्रशासन विशेष अलर्ट पर थे। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने कहा कि सादे कपड़ों में भी पुलिस के जवान भीड़ में असामाजिक तत्वों पर नजर रख रहे थे। ​​​​​​​

तीन हजार पुलिसकर्मी थे तैनात

पुलिसकर्मी भी सुरक्षा इंतजामों में जुटे रहे। यहां तीन हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और अफसरों को तैनात किया गया था। दो हजार से ज्यादा नगर निगम कर्मचारी भी तैनात किए गए थे। रंगों से बचने के लिए गेर मार्ग के रहवासियों और व्यापारियों ने अपनी बिल्डिंग को प्लास्टिक से ढंक दिया।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds