आलेख-राशिफलशहर-राज्य

Haryana News: हरियाणा में महिलाओं को मिलेगा बिना ब्याज एक लाख का कर्ज़, सरकार करेगी बजट में घोषणा

Women loan scheme: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर वित्त मंत्री अपना पहला बजट पेश करेंगे। यह बजट करीब दो लाख करोड़ का हो सकता है। 2024-2025 में लोकसभा, विधानसभा और निकाय चुनाव में जीत का परचम लहराने के बाद नायब सैनी अपने पहले बजट को महिलाओं को गिफ्ट देंगे। वह महिलाओं को 2100 रुपए महीना देने का अपना चुनावी वादा भी पूरा करेंगे। इसके साथ ही घरेलू महिलाओं को राहत देने के लिए 500 रुपए में सस्ते सिलिंडर देने का दायरा भी बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा लोगों को एक लाख रुपये का कर्ज बिना ब्याज देने पर भी विचार किया जा रहा है।


दो लाख सरकारी नौकरी
युवाओं को रिझाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान 2 लाख सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा करेंगे। सैनी बजट में हर साल औसतन 40 हजार युवाओं को नौकरी देने का प्रावधान करेंगे। साल 2024-2025 में तत्कालीन वित्त मंत्री के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर ने 1 लाख 89 हजार 877 करोड़ का बजट पेश किया था। इस वर्ष का बजट 2 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर सकता है। यह अनुमान पिछले कुछ वर्षों के बजट के आकार में हुई वृद्धि को देखते हुए लगाया गया है। पिछले वर्ष 2024-25 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 1.89 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जो उससे पिछले वर्ष की तुलना में 11% अधिक था।


दो लाख करोड़ को करेगा पार
इससे पहले 2023-24 में बजट 1.83 लाख करोड़ रुपए का था। वर्ष 2022-23 में यह राशि 1.77 लाख करोड़ रुपए थी, जो 2021-22 की तुलना में 15.6% अधिक थी। इस प्रकार बजट में लगातार बढ़ोतरी का रुझान देखा जा रहा है, जिससे इस बार के बजट के 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक होने की संभावना है।


उद्यमियों को मिलेगी बड़ी राहत
बजट में एक और बड़ी योजना महिला उद्यमियों को लेकर होगी। इस योजना के जरिए सरकार उद्यमी महिलाओं को एक लाख रुपये तक का ऋण ब्याज मुफ्त देगी। बजट में इसके लिए भी सीएम नायब सैनी प्रावधान करेंगे। उद्योग में रुचि रखने वाली महिलाओं को इससे बड़ी राहत मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सीएम सैनी ने महिलाओं के लिए इसका ऐलान किया था।


लखपति दीदी बनाने पर भी जोर
केंद्र सरकार की ओर से हरियाणा को पांच साल में पांच लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य दिया गया है। हरियाणा में अब तक तीन लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। दो लाख लखपति दीदी अभी और बनानी है। इसे लेकर बजट में प्रावधान किया जाएगा और सरकार पांच लाख के आंकड़े को पार कर लेगी।

Back to top button