April 23, 2024

Cylinder blast : शादी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, पांच की मौत, 60 लोग की हालत गंभीर, घायलों से मिलने पहुंचे सीएम गहलोत

जोधपुर, 09 दिसम्बर (इ खबरटुडे)। जोधपुर जिले में शादी समारोह में पांच गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दूल्हे और उसके माता-पिता सहित 60 लोग झुलस गए। वहीं, पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा शेरगढ़ के पास भूंगरा गांव में गुरुवार दोपहर सवा तीन बजे हुआ। यहां तख्त सिंह के घर में शादी समारोह था, घर से बारात रवाना होने वाली थी, तभी अचानक सिलेंडर फट गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर हिमांशु गुप्ता हॉस्पिटल पहुंचे। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कच्छावा ने बताया कि गंभीर हालत में जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। इनमें आठ लोग 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हैं। 48 लोग वार्ड में एडमिट हैं और एक बच्चा आईसीयू में है। जबकि पांच और सात साल के दो बच्चों सहित पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। 40 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत घायलों से मिलने के लिए हॉस्पिटल पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि घायलों को बचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसकी जांच होगी।

बराती एक जगह मौजूद थे
जहां ये हादसा हुआ, वहां काफी संख्या में बराती मौजूद थे। झुलसे लोगों को शेरगढ़ लाया गया। यहां से कुछ लोगों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में रेफर किया गया है। ग्रामीण एसपी अनिल कयाल ने बताया, पांच सिलेंडर फटे थे। खाना बनाते समय अचानक एक सिलेंडर में लीकेज हुआ और आग पकड़ ली। इसी दौरान वहां पास में मौजूद पांच सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली और धमाके होने लगे। जहां सिलेंडर फटे, वहां करीब 100 लोग मौजूद थे।

अस्पताल में अफरा-तफरी
हादसे की सूचना मिलने के बाद जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल प्रबंधन को अलर्ट कर दिया गया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे एक बाद एक पहुंचे घायलों से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। शादी समारोह के दौरान हॉल के एक चौक में महिलाएं बैठकर बातें कर रही थीं। इस दौरान एक सिलेंडर ब्लास्ट होकर महिलाओं के ऊपर गिरा। घायलों में महिलाओं की संख्या ज्यादा बताई जा रही है। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत और विधायक मनीषा पंवार, शेरगढ़ विधायक मीना कंवर भी अस्पताल पहुंची।

सीएम-केंद्रीय मंत्री ने जताया दुःख
इस घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दुख जताया है। दोनों ने जिला कलेक्टर से बात कर हादसे की पूरी जानकारी ली। इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds