October 11, 2024

हर घर तिरंगा अभियान : कर्मचारी संगठनों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक आयोजित की गई

रतलाम,22जुलाई(इ खबर टुडे)। आगामी 11 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान में जिले के कर्मचारी भी तन-मन से जुड़ रहे हैं। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा जिले के समस्त कर्मचारी संगठनों, यूनियनों, संघों के साथ एक बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार प्रात आयोजित की गई।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जमुना भिड़े, अपर कलेक्टर श्री एम.एल. आर्य, एनआरएलएम के हिमांशु शुक्ला भी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर की प्रेरणा से कर्मचारी संघों द्वारा हर घर तिरंगा अभियान को जिले में घर-घर तक पहुंचाने एवं स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने, अभियान को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संरक्षक दीपक सुराणा, कर्मचारी नेता श्याम टेकवानी, लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ के वरुण शर्मा, श्री सुधीरसिंह सिसोदिया, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के शरद शुक्ला, राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष आर.एन.केरावत, इंजीनियरिंग संघ के मनोज जैन, आईटीआई कर्मचारी संघ के अभिजीत दुबे, आजाद अध्यापक संघ के अध्यक्ष सुनील गौड़, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के सुशील शुक्ला, लघु वेतन कर्मचारी संघ के दीपक छपरी, प्रमोद पाठक, सुरेश जोशी, चरणसिंह चौधरी, सुश्री आराधना निगुड़कर,मनोज जैन,जितेन्द्र चौहान,हेमंत राय, अध्यापक महासंघ की सुश्री निशा पवार, नर्सिंग एसोसिएशन की सुश्री जीनत स्टीफन, सुश्री नीना रावत,संजय वोहरा आदि उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी द्वारा कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों को हर घर तिरंगा अभियान की अवधारणा बताई गई। अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में प्रशासन द्वारा की जा रही कार्यवाही से अवगत कराया गया। कलेक्टर ने बताया कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न धर्म गुरुओं, औद्योगिक संगठनों, अधिकारियों, समाज प्रमुखों, व्यापारिक संगठनों इत्यादि के साथ बैठकें आयोजित की गई है जिससे अभियान एक जन आंदोलन का स्वरूप धारण करता जा रहा है। आगामी दिनों में और भी बैठके आयोजित की जाएंगी।

कलेक्टर ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान में जिले के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा भी उल्लेखनीय योगदान दिया जा रहा है। महिलाओं द्वारा झंडा निर्माण के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अपने घरों पर झंडा फहराने के संबंध में प्रेरित भी किया जा रहा है। अभियान के संबंध में खंडस्तरीय बैठकें भी आयोजित की जा चुकी हैं। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती जमुना भिड़े अभियान की जिला नोडल अधिकारी बनाई गई है।

अभियान के पोस्टर तथा स्टीकर भी तैयार किए जाकर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वाहनों पर पोस्टर चस्पा करने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अतिशीघ्र आमजनों को तिरंगा झंडा उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत परिसर, नगरीय निकायों, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायतों, उचित मूल्य की दुकानों आदि स्थान तिरंगा झंडा उपलब्धता के प्रमुख केंद्र होंगे। जिले से संस्कृति विभाग को ढाई लाख झंडो का मांग पत्र भेजा गया है। जिले में स्वयं सहायता समूह द्वारा एक लाख झंडे तैयार किये जा रहे हैं। लगभग 3 लाख 50 हजार घरों पर झंडा फहराया जाएगा।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कर्मचारी संघों, यूनियनों से आग्रह किया कि अभियान में लोगों को अपने घरों पर झंडा फहराने के लिए प्रेरित करें। अभियान राष्ट्रीय स्वाभिमान एवं गौरव का प्रतीक है। इस दौरान कर्मचारी नेताओं द्वारा भी आश्वस्त किया गया कि वह अभियान को सफल बनाने के लिए हरसंभव कार्य करेंगे। कलेक्टर ने बताया कि अभियान के संबंध में जागरूकता रैलियां भी आयोजित की जाने वाली है।

कलेक्टर ने हर घर तिरंगा अभियान के दौरान झण्डा संहिता का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जिले में विगत दिनों नगरीय निकायों तथा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के सफल आयोजन में योगदान के लिए कर्मचारी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद भी दिया।

You may have missed