टोल प्लाजा पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, भगदड़ में दो लोगों की मौत

दतिया,03 अप्रैल (इ खबरटुडे)। दतिया टोल प्लाजा पर बेखौफ बदमाशों ने कहर बरपाते हुए 15 मिनट तक दनादन फायरिंग कर डाली। फायरिंग की घटना से टोल प्लाजा के कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। इस भगदड़ से कुएं में गिरने से दो कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई।
चिरुला थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा पर घटना
घटना चिरुला थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा पर हुई। इसे कुछ बदमाशों ने अंजाम दिया। फायरिंग के कारण हुई भगदड़ में हरियाणा निवासी श्रीनिवास परिहार और शिवाजी कांडेले की कुएं में गिरने से मौत हो गई।घटना मंगलवार देर रात की बताई जाती है। चिरुला पुलिस बदमाशों के बारे में जानकारी जुटा रही है। फायरिंग की घटना के बाद अज्ञात बदमाश मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद
जानकारी के अनुसार टोल प्लाजा पर गोलीबारी की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।