October 11, 2024

Bharat Jodo Yatra : कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आगाज आज, राहुल गांधी ने दी पिता राजीव को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली,07सितंबर(इ खबर टुडे)। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस बुधवार, 7 सितंबर से ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। इस दौरान पार्टी के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक लोगों से संपर्क बढ़ाएंगे।

दिवंगत पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के श्रीपेरंबदूर स्थित स्मारक पर श्रद्धांजलि देने के बाद यात्रा की शुरुआत करेंगे। इधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक भी ‘मेक इंडिया नंबर 1’ यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे हैं। वह हरियाणा से यात्रा की शुरुआत करेंगे।

150 दिनों तक चलेगी 3500 किमी की यात्रा
कन्याकुमारी के दक्षिणी सिरे से पार्टी की 3,500 किलोमीटर लंबी 150 दिवसीय ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत होगी, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाग लेने की संभावना है। तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने यात्रा को स्वतंत्र भारत में अब तक किए गए अभूतपूर्व जन संपर्क कार्यक्रम के रूप में पेश किया है।

यात्रा में होगा कांग्रेस vs AAP
सितंबर में पूरे भारत में सियासी हलचल तेज रहने के आसार हैं। एक ओर जहां कांग्रेस 7 सितंबर से ‘भारत जोड़ो’ यात्रा शुरू करने की तैयारी कर रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी 7 सितंबर से ही ‘मेक इंडिया नंबर वन’ अभियान की शुरुआत करने का फैसला किया है। कहा जा रहा है कि आप राष्ट्रीय राजनीति में कांग्रेस की जगह लेने की तैयारी कर रही है। वहीं, गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच यात्रा अहम साबित हो सकती है।

You may have missed