October 11, 2024

MP के 11 नगर निगम के महापौर रिजल्ट : भोपाल BJP ऑफिस में जश्न, बुरहानपुर, खंडवा, सतना, सागर में भाजपा की जीत, आम आदमी पार्टी का खाता खुला

भोपाल,17जुलाई(इ खबर टुडे)। मध्यप्रदेश में ‘शहर सरकार’ की तस्वीर साफ हो गई है। 11 नगर निगमों में से 7 के नतीजे आ गए हैं। 1-1 सीट कांग्रेस और आम आदमी के खाते में गई, जबकि 5 पर भाजपा ने जीत दर्ज की। बाकी की 2 सीटों पर भाजपा और 2 सीटों पर कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। ये चारों महानगर की सीट्स हैं। भोपाल और इंदौर में भाजपा प्रत्याशी निर्णायक बढ़त के साथ आगे हैं। ग्वालियर और जबलपुर से कांग्रेस आगे हैं। नतीजों से भाजपा गदगद है। पार्टी मुख्यालय पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से कैंडिडेट मालती राय का मुंह मीठा कराया। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और दूसरे नेता भी साथ रहे।

भोपाल में भाजपा की महापौर प्रत्याशी मालती राय 51 हजार वोटों के साथ निर्णायक बढ़त पर हैं। जबलपुर में कांग्रेस प्रत्याशी जगत बहादुर 44187 की लीड लिए हुए हैं। ग्वालियर में कांग्रेस प्रत्याशी शोभा सिकरवार दूसरे राउंड में 23881 वोट से आगे हैं। इंदौर में भाजपा प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव 52 हजार से अधिक की निर्णायक लीड बनाए हुए हैं।

बुरहानपुर नगर निगम
बुरहानपुर से पहला नतीजा सामने आया। भाजपा प्रत्याशी माधुरी पटेल ने 542 वोट से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शहनाज अंसारी को हराया। यहां नोटा को 677 वोट मिले हैं। कांग्रेस की हार का दूसरा फैक्टर ओवैसी की पार्टी का रहा। AIMIM उम्मीदवार 10 हजार से ज्यादा वोट ले गया।

उज्जैन नगर निगम
उज्जैन में भाजपा कैंडिडेट मुकेश टटवाल 923 वोट से जीते। उन्होंने कांग्रेस के महेश परमार को हराया। नतीजा आने से पहले कांग्रेस ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस के साथ धक्कामुक्की की।

छिंदवाड़ा नगर निगम
छिंदवाड़ा में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम अहाके 3547 वोटों से जीत गए। विक्रम ने BJP के अनंत धुर्वे को हराया। 18 साल बाद छिंदवाड़ा में कांग्रेस का मेयर बना। छिंदवाड़ा में काउंटिंग सेंटर पीजी कॉलेज में हंगामा हो गया। प्रशासन ने प्रत्याशी और उनके साथ वालों के लिए 3 पास बनाए, लेकिन प्रत्याशियों को एंट्री नहीं दी गई। प्रत्याशी नाराज हो गए और जमकर बहस हुई।

सिंगरौली नगर निगम
सिंगरौली से मध्यप्रदेश निकाय चुनाव में पहली बार उतरी आम आदमी पार्टी का खाता खुला। आप उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने 9352 वोट से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस के अरविंद चंदेल को हराया। बीजेपी के चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा तीसरे नंबर पर रहे।

सागर में भाजपा प्रत्याशी संगीता तिवारी ने 11629 वोट से लीड ली। कांग्रेस उम्मीदवार अपनी हार तय मानते हुए निधि जैन मतगणना स्थल से बाहर चली गईं। उन्होंने कहा- प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी। सुंदर सागर और भ्रष्टाचार मुक्त सागर बनाने का मेरा सपना शायद जनता को पसंद नहीं आया। मैं जनता की आभारी हूं।

जबलपुर में कमरा नंबर 20 में मत पेटी को लेकर हंगामा हो गया। कांग्रेस का कहना था कि मतपेटी को बिना सहमति के खोला गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी नमः शिवाय अर्जरिया पहुंचे। स्थिति बिगड़ने के बाद कलेक्टर इलैया राजा टी ने कमान संभाली। कांग्रेस ने भाजपा पर धांधली करने के आरोप लगाए हैं। सुबह 9.23 बजे: खंडवा में काउंटिंग सेंटर के बाहर कांग्रेस ने हंगामा कर दिया। मतगणना कक्ष के अंदर 10 टेबल लगाने को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति जताई। कहा कि भाजपा के एक टेबल पर 5 से 6 नेता को कार्ड बांटे गए। यह गलत तरीका है, अमानवीय तरीके से मतगणना कराई जा रही है, यह लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा प्रत्याशी के जेठ त्रिलोक यादव ने भी अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का समर्थन किया। सामूहिक तौर पर आपत्ति ली गई है। फिलहाल, मतगणना प्रक्रिया रुकी हुई है।

इंदौर में नेहरू स्टेडियम के बाहर काउंटिंग सेंटर में एंट्री को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला की एडिशनल एसपी राजेश रघुवंशी से बहस हो गई। धरने की चेतावनी देते हुए शुक्ला बोले – मैं महापौर प्रत्याशी हूं, मुझे कैसे रोका जा रहा है? मैं इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से करूंगा। एडीएम पवन जैन की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। भोपाल में बीड़ी-सिगरेट लाने वालों को पुलिस ने लौटा दिया। बिना पास के एंट्री नहीं दी।

You may have missed