October 12, 2024

Election Result Live: UP में भाजपा 254 सीटों पर आगे, सपा को 118 पर बढ़त, 5 में से 4 राज्यों में BJP की लहर, पार्टी मुख्यालय जाएंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली,10मार्च(इ खबर टुडे)। उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के शुरुआती रुझान बता रहे हैं कि देश में भाजपा की लहर है। यूपी में भाजपा प्रचंड जीत की ओर बढ़ रही है। उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी पार्टी सरकार बचा ले जाएगी, ऐसा लग रहा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के संकेत हैं। कांग्रेस के लिए ये चुनाव बहुत बुरे साबित हो रहे हैं। पांचों राज्यों की कुल 690 सीटों पर मतगणना चल रही है और कांग्रेस कुल मिलाकर सिर्फ 70 सीटों पर आगे है।

उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के चुनाव के लिए मतगणना जारी है। UP में 254 सीटों पर आगे है, सपा को 111 पर बढ़त मिली है। करहल से सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव 10 हजार वोट से आगे चल रहे हैं। वहीं, गोरखपुर शहर सीट से सीएम योगी ने भी अच्छी बढ़त बनाई हुई है।

दूसरे राउंड में करहल से सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव 9400 वोट से आगे, मल्हनी से धनंजय सिंह जेडीयू 2338 वोट से आगे। गोरखपुर शहर से भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 8000 मतों से आगे। अभी दूसरे राउंड की मतगणना खत्म हुई है। कैंपियरगंज में भाजपा से फतेह बहादुर सिंह दूसरे राउंड में 600 वोट से आगे चल रहे हैं।

पंजाब में सभी सीटों के रुझान आ गए हैं। इसमें आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। वहीं सीएम चरणजीत चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिद्धू समेत कई दिग्गज अपनी-अपनी सीटों से पीछे चल रहे हैं।

राघव चड्ढा ने कहा कि मैं पहले दिन से कह रहा था कि पंजाब में आप पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। पंजाब पर दशकों तक शासन करने वाले लोगों का सिंहासन हिल रहा है। भविष्य में अरविंद केजरीवाल बीजेपी के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी होंगे। आप कांग्रेस की जगह लेगी।

गोवा की 40 और मणिपुर की 60 सीटों के लिए मतगणना चल रही है। गोवा में एक ही चरण में 14 फरवरी को मतदान हुए थे जबकि मणिपुर में दो चरणों में 28 फरवरी और 5 मार्च को वोटिंग हुई थी। मणिपुर में दोनों चरणों में कुल 265 उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि गोवा की 40 सीटों के लिए 301 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे। मणिपुर और गोवा में भाजपा बहुमत के करीब जाती दिखाई दे रही है।

गोवा की सेंट क्रूज सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अमित पालेकर रुझानों में तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। यहां कांग्रेस प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं भाजपा उम्मीदवार दूसरे नंबर पर चल रहे हैं।

विधानसभा चुनाव के 23 दिन बाद आज उत्तराखंड में सभी 70 विधानसभा सीटों के चुनाव नतीजे आएंगे। इसके साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि इस बार सत्ता की बागडोर किस दल के हाथों में आएगी। शुरुआती रुझानों में भाजपा ने 20 सीटों की बढ़त बना कर रखी है।

सितारगंज सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे विधायक सौरभ बहुगुणा कांग्रेस से आगे। सितारगंज दूसरे राउंड में भाजपा के सौरभ बहुगुणा आगे। सहसपुर विधानसभा सीट पर भाजपा को करारा झटका। कांग्रेस प्रत्याशी आर्यन शर्मा भाजपा प्रत्याशी की तुलना में 10000 मतों से आगे चल रहे हैं आर्यन शर्मा को 25763 और भाजपा प्रत्याशी सहदेव सिंह पुंडीर को 15800 मत मिले हैं। भाजपा के लिए इसे करारा झटका माना जा रहा है।

You may have missed