October 13, 2024

BJP Workshop : भाजपा सर्व स्पर्शी, सर्व ग्राही, सर्वव्यापी, तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन भाजपा नेताओ ने कहा

रतलाम,17 दिसंबर(इ खबर टुडे)। जयंत सेन धाम में भारतीय जनता पार्टी के तीन दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के अलग-अलग सत्रों में भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रमुख वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सर्वस्पर्शी सर्व ग्राही, सर्वव्यापी पार्टी है। इसके विचार जन-जन तक पहुँचाना हर कार्यकर्ता का दायित्व है। मतदान केंद्र स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए हर कार्यकर्त्ता समर्पित हो, ताकि 51 प्रतिशत मत का लक्ष्य पूरा किया जा सके ।

जिला प्रशिक्षण वर्ग के आरंभ में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण कर पार्टी के जिला प्रभारी श्यामसुन्दर शर्मा ने दीप प्रज्जवलित किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, दिलीप मकवाना मंचासीन रहे। प्रथम सत्र की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्री लुनेरा ने की। मुख्य वक्ता भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह राजपूत ने “अपनी कार्य पद्धति और संगठन सहरचना में हमारी भूमिका” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि सतत्‌ सीखते रहना भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है। पार्टी की शुरूआत विषम परिस्थितयों में हुई थी लेकिन कार्यकर्ताओं की अनथक मेहनत से आज भाजपा देश के कोने-कोने तक फैली हुई है। पार्टी को खड़ा करने में हमारे पूर्वजों का पसीना बहा है। अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति कि चिंता ही पार्टी का उद्देश्य वाक्य है। इसे हर कार्यकर्ता अमल कर रहा है। श्री राजपूत ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो अपने कार्यकर्ताओं का निर्माण करती है। उन्होंने मतदान केन्द्र स्थल तक के कार्यकर्ताओं को पार्टी एवं सरकार के हर कार्य की जानकारी होने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण वर्ग का दूसरा सत्र शहर विधायक चेतन्य काश्यप की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसे मुख्य वक्ता जनअभियान परिषद्‌ के पूर्व उपाध्यक्ष प्रदीप पांडे ने बदली परिस्थितयों में भाजपा का दायित्व व भाजपा वैशिष्ट्य की समझ विषय पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश में पिछले कुछ वर्षों के दौरान क्रांतिकारी परिवर्तन देखे गए हैं, जो भाजपा कार्यकर्ताओं के कारण ही संभव हुए हैं। भाजपा की नींव महापुरूषों के समर्पण से तैयार हुई है। इससे पूरी दुनिया में आज भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जानी जा रही है। श्री पांडे ने कहा कि मतदान केन्द्र पर जीत भाजपा का मूल मंत्र है। इसे सार्थक करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरे समर्पण से कार्य करना होगा। भाजपा विचार का चिंतन करनी वाली पार्टी है व्यक्ति के पीछे चलने वाली पार्टी नहीं है। पार्टी कार्यकर्ताओं को गर्व होना चाहिए कि वे दुनिया के सबसे बड़े दल के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यकर्ताओं के समर्पण से समाज सशक्त होगा और अंतिम व्यक्ति का उत्थान सुनिश्चित होगा।

प्रशिक्षण सत्र का तीसरा सत्र जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें मुख्य वक्ता अंत्योदय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक रामेश्वर दूबे ने आत्मनिर्भर भारत विषय पर संबोधित करते हुए देश के विकास के लिए सरकारों द्वारा किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। चौथा सत्र ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें मुख्य वक्ता प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. चिंतामणी मालवीय ने “2014 के बाद आया युगान्तकारी परिवर्तन (पेराडाईम शिफ्ट)” विषय पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए कार्यों एवं उनसे पार्टी को मिले विस्तार पर प्रकाश डाला। सत्रों के समापन पर देश के पहले सीडीएस जनरल विपीन रावत एवं उनके साथ दिवंगत हुए सैनिकों तथा संघ के वरिष्ठ प्रचारक प्रदेश सह संगठन महामंत्री भगवतशरण माथुर के निधन पर श्रद्धांजलि दी गई।अतिथियों का स्वागत जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, प्रदीप उपाध्याय,संगीता चारेल व जिला उपाध्यक्ष ओपेन्द्रसिह यादव ने किया।प्रशिक्षण वर्ग के सत्रों का संचालन जिला उपाध्यक्ष महेश सोनी ने किया।वर्ग में प्रदेश कार्य समिति सदस्य अशोक पोरवाल,केके सिंह कालूखेड़ा, निमिष व्यास सहित भाजपा जिला कार्यसमिति,मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री और सभी अपेक्षित जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारीगण मौजूद रहे |

You may have missed