September 29, 2024

Congress Protest : राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन

नई दिल्ली,04अगस्त(इ खबर टुडे)। नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ हुई कार्रवाई से तिलमिलाई कांग्रेस आज महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र खत्म हो चुका है। रोज लोकतंत्र की हत्या हो रही है। हम महंगाई और बेरोजगारी जैसे आम जनता के मुद्दे उठाना चाहते हैं, लेकिन सरकार हमें दबा रही है। गिरफ्तार कर रही है। बकौल राहुल गांधी, कांग्रेस ने 70 साल में जो बनाया था उसे 8 साल में मोदी सरकार ने ख़त्म कर दिया है। देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और सब तमाशा देख रहे है हैं।

राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा ने तत्काल प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पूर्व कानून मंत्री और वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र की चिंता सता रही है, जिनकी दादी ने देश में इमरेंजसी लगाई थी। कांग्रेस के राज में देश ने लोकतंत्र की हत्या देखी है। कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार हावी था।

राहुल गांधी के बाद अब पुलिस ने प्रियंका गांधी को भी हिरासत में ले लिया है। प्रियंका गांधी अपने कार्यकर्ताओं के साथ पीएम हाउस की तरफ बढ़ने जा रही थीं, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद प्रियंका सड़क पर ही धरने पर बैठ गई थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन गाड़ी में बिठाकर हिरासत में लिया है।

इससे पहले नेशनल हेराल्ड मामले में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को संसद सत्र के दौरान ईडी द्वारा समन भेजने पर कांग्रेस भड़क गई है। मुख्य विपक्षी पार्टी ने कहा कि जबकि संसद की कार्यवाही चल रही है, ऐसे में खड़गे को समन करना लोकतंत्र का काला अध्याय और विधायिका का अपमान है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा कि मोदीशाही का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। खुद खड़गे ने भी राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार कांग्रेस को डराना-धमकाना चाहती है। उन्होंने कहा, पुलिस ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आवास घेर लिया है। यदि हम इस तरह काम करेंगे, तो क्या हमारा लोकतंत्र जीवित रहेगा? यह जान-बूझकर हमारा मनोबल गिराने, हमें नष्ट करने और डराने-धमकाने केलिए किया जा रहा है। हम डरेंगे नहीं।

राहुल ने कहा- मोदी से नहीं डरता, देशहित में काम करता रहूंगा
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ईडी की कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नहीं डरते और उन्हें धमकाकर चुप नहीं कराया जा सकता। संसद के बाहर पत्रकारों से राहुल ने कहा, यह डराने-धमकाने की कोशिश है। हमें धमकाया नहीं जा सकता। राहुल ने कहा, वे जो करना चाहते हैं, उन्हें कर लेने दीजिए। यह कोई मायने नहीं रखता। मैं देश और लोकतंत्र की रक्षा के लिए काम करता रहूंगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds