महिला से परिचित युवक ने किया दुष्कर्म, ब्लैकमेल कर हड़पे चार लाख रुपये

भोपाल,18 दिसम्बर (इ खबरटुडे)।राजधानी में महिला थाना पुलिस ने 39 साल की एक महिला की शिकायत पर टीकमगढ़ के रहने वाले युवक पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की धाराओं में एफआइआर दर्ज की है।
आरोपी इसी साल में अपने सैलून की दुकान का सामान लेने भोपाल आया था। जहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया था, उस दौरान आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया था। उसे इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित करने की धमकी देकर वह उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण के साथ चार लाख रुपये भी ऐंठ चुका है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जल्द ही टीकमगढ़ जाएगी।
महिला थाना प्रभारी अंजना धुर्वे के मुताबिक पीड़ित महिला निजी काम करती है और अपने दो बच्चों के साथ रहती है। वह मूलत: टीकमगढ़ जिले की रहने वाली है। वह करीब पांच साल से अपने पति से अलग रहती है।
आरोपी राहुल सेन टीकमगढ़ में सैलून की दुकान चलाता है। दोनों का एक ही जिले का रहने के कारण परिचय था। छह जनवरी 2022 को राहुल सेन दुकान का सामान लेने के लिए भोपाल आया था। वह महिला के घर पर रुक गया था, जहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया।
इस दौरान आरोपी ने महिला का एक अश्लील वीडियो बनाकर उसका शोषण शुरू कर दिया था। उसके बाद से आरोपी जब भी भोपाल आता और महिला के साथ संबंध बनाता था, महिला विरोध करती तो वह उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया के अलग-अलग माध्यमों पर उसे बहुप्रसारित करने की धमकी देकर उससे रुपये भी ऐंठता था।
महिला अभी तक चार लाख रुपये राहुल सेन को दे चुकी है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपित उसके साथ करीब 11 माह से ऐसा कर रहा है। तंग आकर महिला ने शनिवार को आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का केस दर्ज करा दिया। पुलिस जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी करने टीकमगढ़ जाएगी।