October 5, 2024

गुरुपूर्णिमा महोत्सव पर लाखों श्रद्धालु पहुंचे बागेश्वर धाम, 10 थानों की पुलिस संभाल रही सुरक्षा व्यवस्था,दो निजी चलित अस्पतालों की भी व्यवस्था

छतरपुर ,20 जुलाई(इ खबर टुडे)। बागेश्वर धाम में 5 दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव चल रहा है। महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार को लाखों लोगों ने सुबह से बालाजी के दर्शन किए और इसके बाद अपने गुरु के दर्शन किए। यह बागेश्वर धाम की आस्था है जो देश-विदेश से लाखों लोगों को यहां खींचकर लाई है। महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, भोजन, आवागमन की विधिवत व्यवस्था की गई हैं।

बागेश्वर धाम में सुबह करीब 4 बजे से बालाजी के दर्शन के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा था। मंदिर के आसपास का समूचा क्षेत्र लोगों से भर गया। बालाजी की कृपा पाने के लिए लोग आतुर रहे। सुबह की महाआरती के बाद बालाजी के दर्शनों का क्रम शुरू हुआ जो देर रात तक चलता रहा।

गुरु दर्शन के लिए उमड़े लाखों श्रद्धालु
दोपहर करीब 12 बजे से मुख्य पंडाल पर पहुंचे बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के दर्शन के लिए लोग इकट्ठा हो गए थे। पहले वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पादुकाओं का पूजन हुआ, इसके पश्चात गुरू दर्शन प्रारंभ हुआ। चूंकि बागेश्वर महाराज के देश-विदेश में शिष्यगण फैले हैं, इसलिए महोत्सव को 8 दिवसीय रखा गया है। शनिवार और रविवार को पादुका पूजन व गुरु दर्शन का कार्यक्रम है, जिसके तहत यह आयोजन शुरू हुआ।

एएसपी के नेतृत्व में 4 जिलों का पुलिस बल तैनात
बागेश्वर धाम में लाखों लोग आ रहे हैं इसलिए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम करने पड़ रहे हैं। खजुराहो एसडीओपी सलिल शर्मा ने बताया कि छतरपुर के अलावा पन्ना, टीकमगढ़ और सागर से करीब तीन सैकड़ा पुलिस बल बुलाया गया है। दो शिफ्ट में ड्यूटियां निर्धारित की गई हैं। एएसपी विक्रम सिंह के नेतृत्व में दोनों शिफ्टों के लिए एक-एक एसडीओपी नियुक्त किए गए हैं।

10 थाना प्रभारी एवं 15 एएसआई के साथ-साथ 300 पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में लगा है। आवागमन सुचारू रूप से चले इसके भी इंतजाम किए गए हैं। जानकारी में यह भी आया है कि करीब 5 सैकड़ा सेवादार पुलिस और प्रशासन के मार्गदर्शन में काम कर रहा है

दो निजी चलित अस्पतालों सहित तीन अस्पताल कर रहे काम
सिद्ध आश्रम में बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं इसलिए उनके स्वास्थ्य की भी चिंता करना स्वाभाविक है। प्रतिकूल मौसम के बावजूद लोगों का जोश कम नहीं हो रहा है। राजनगर से आए डॉ. कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि अस्थाई अस्पतालों के माध्यम से लोगों को इलाज देने का प्रयास किया जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति की हालत बिगड़ती है तो उन्हें जिला अस्पताल भिजवाने के लिए एंबुलेंस तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि नागपुर और सागर से भी डॉक्टरों की टीमें आई हैं।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds