October 10, 2024

वरिष्ठ भाजपा नेता शांतिलाल लोढा का निधन,शोकसभा संपन्न, वक्ताओं ने भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति बताया

Shantilal Lodha

रतलाम ,17 दिसम्बर (इ खबरटुडे)। भाजपा के वरिष्ठ नेता शांतिलाल लोढा का शनिवार तडके भोपाल स्थित निवास पर निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार रतलाम में भक्तन की बावडी मुक्तिधाम पर किया गया। स्व.लोढा को अंतिम बिदाई देने के लिए बडी संख्या में भाजपा नेता और नगर के गणमान्य जन मौजूद थे। अंतिम संस्कार स्थल पर हुई शोकसभा में वक्ताओं नें स्व.लोढा के निधन को भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट शांतिलाल लोढा पिछले कुछ वर्षों से भोपाल में निवास कर रहे थे। विगत कुछ माह से वे अस्वस्थ थे। शनिवार तडके डेढ से दो बजे के बीच उन्होने भोपाल के अरेरा कालोनी स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए रतलाम लाया गया।

स्व लोढा की अंतिम यात्रा में बडी संख्या में भाजपा नेता और गणमान्य जन शामिल हुए। भक्त की बावडी मुक्तिधाम पर उनके सुपुत्र द्वय नितिन और योगेश लोढ़ा ने उन्हे मुखाग्नि दी। इस अवसर पर आयोजित शोकसभा को अनेक वक्ताओं ने सम्बोधित किया और स्व.लोढा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने स्व.लोढा के निधन को भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति निरुपित किया।

शोकसभा को समाज प्रमुख प्रकाश मूणत,पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा,ग्र्रामीण विधायक दिलीप मकवाना,पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय,लोकतंत्र सेनानी अनिल मांदले,ला कालेज की ओर से सुभाष जैन,भाजपा नेता मुन्नालाल शर्मा,सहज योग की ओर से मदन व्यास,बार एसोसिएशन की ओर से शैलेन्द्र शर्मा,पत्रकार तुषार कोठारी,वरिष्ठ भाजपा नेता कन्हैयालाल मौर्य,राम प्रसाद परिहार,मनोहर पोरवाल इत्यादि ने सम्बोधित किया और विभिन्न संस्थाओं की ओर से स्व.लोढा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

You may have missed