October 10, 2024

एमपी के महाकाल लोक में 5G की शुरूआत, श्रद्धालुओं को मिलेगा 1 GB डेटा फ्री

उज्जैन,14 दिसम्बर (इ खबरटुडे/ब्रजेश परमार)। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को जियो के वाई-फाई से आज से 1 जीबी डेटा वाई फाई से फ्री मिलेगा।यह सभी नेटवर्क के उपभोक्ता को मिलेगा।मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने बुधवार शाम महाकाल लोक के त्रिवेणी संग्रहालय से मध्यप्रदेश में JIO TRUE 5G नेटवर्क का शुभारंभ्‍ रिमोट का बटन दबाकर किया। महाकाल लोक एवं महाकाल मंदिरआने वाले श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। इस क्षेत्र में जियो सिम के 5G एंड्राईड उपयोगकर्ता को अनलिमिटेड डेटा मिलेगा।

बुधवार से श्री महाकाल महालोक अब मध्य प्रदेश में पहला JIO TRUE 5G कॉरिडोर हो गया है। Jio ने मध्य प्रदेश में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और श्री महाकाल लोक में भगवान शिव को समर्पित करते हुए अपनी ट्रू 5G सेवाओं की शुरुआत की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समारोह पूर्वक Jio True 5G और Jio True 5G संचालित वाई-फाई सेवाओं का शुभारंभ किया। श्री चौहान ने इस अवसर पर कहा कि उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर और श्री महाकाल महालोक एक धार्मिक स्थल है। देश और दुनिया भर से लाखों भक्त भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के लिए प्रतिदिन इस मंदिर में आते हैं। उन्होंने कहा कि 5जी टेक्नालॉजी का उपयोग प्रदेश में गुड गवर्नेंस, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उद्योगों के विकास के लिये किया जायेगा।


5G प्रदेश और उसके लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। चौहान ने कहा कि आज मध्य प्रदेश की प्रगति व विकास के लिये ऐतिहासिक दिन है। 5जी केवल मोबाइल सेवाएं नहीं है, बल्कि नई क्रान्ति है। उन्होंने कहा कि 5जी सेवा शुरू होने से इंटरनेट की स्पीड 100 एमबीपीएस से बढ़कर 1500 एमबीपीएस हो जायेगी। अब हमारे किसान ड्रोन से यूरिया एवं दवाओं का छिड़काव करेंगे, शिक्षा व चिकित्सा में क्रान्ति आ जायेगी। बेहतर इलाज के लिये दिल्ली-मुम्बई नहीं जाना पड़ेगा। स्मार्ट क्लासों के जरिये अब सुदूर बैठक बच्चों को भी अच्छे शिक्षकों की ऑनलाइन क्लास उपलब्ध होगी। आईटी सेक्टर में क्रान्ति का सूत्रपात होगा।

उन्होंने कहा कि हम डीबीटी के जरिये हितग्राहियों के खातों में सीधे राशि भेज रहे हैं, लेकिन अब एक कदम आगे जाकर स्कूली छात्र-छात्राओं को सायकल के लिये ई-वाउचर उपलब्ध कराने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सुरक्षा व अपराधों को रोकने में 5जी टेक्नालॉजी आने से मदद मिलेगी। यही नहीं खनिज सम्पदा की खोज व लॉजिस्टिक क्षेत्र में भी नई क्रान्ति होगी। गुड गवर्नेंस के लिए जियो की 5G सेवाएं उपयोगी साबित होगी।इस दौरान जियो ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में 5जी के असीम लाभों को जियो कम्युनिटी क्लिनिक मेडिकल किट और क्रांतिकारी एआर-वीआर डिवाइस, जियो ग्लास के माध्यम से प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भी एआर वीआर डिवाईस का उपयोग किया। कार्यक्रम में रिलायंस के सीईओ अमिताभ भाटिया एवं अन्य अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को रिलायंस ग्लास का लाईव डेमो किया गया। इसके द्वारा मनुष्य के हृदय की कार्य प्रणाली को लाईव देखा जा सकता है। लाईव डेमो के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि इस टेक्नालॉजी से देखा कि मनुष्य के हृदय में एक-एक चीज कैसे फंक्शन कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका लाभ यह होगा कि यह टेक्नालॉजी डॉक्टर्स के लिये बहुत काम आयेगी। हार्ट ब्लॉकेज आदि की पहचान तुरन्त की जा सकेगी।

श्री महाकाल महालोक, वर्तमान में मध्य प्रदेश का पहला 5G कॉरिडोर बन गया है। इस अवसर पर कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि 30 दिनों से भी कम समय में, यानी जनवरी 2023 में, इंदौर भी Jio True 5G के साथ लाइव हो जाएगा। जियो प्रवक्ता के अनुसार उन्होंने जियो के ऐसे उपभोक्ताओं जिनके पास उनकी कंपनी का सिम है और वे 5G एंड्राईड उपयोगकर्ता हैं को कंपनी की और से महाकाल लोक में आने का आमंत्रण भी दिया है।

मुख्यमंत्री विराट सन्त सम्मेलन में शामिल हुए
बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चारधाम मन्दिर के समीप आयोजित किये जा रहे विराट सन्त सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी सन्तों का सम्मान किया। इस दौरान सन्त समाज ने भेंटस्वरूप मुख्यमंत्री को भगवान श्री महाकालेश्वर का चित्र भेंट किया। मुख्यमंत्री चारधाम मन्दिर के समीप स्थित अखंडाश्रम के संस्थापक बाल ब्रह्मचारी त्यागमूर्ति अखंडानंदजी महाराज का 55वा निर्वाण दिवस में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री नेचारधाम मन्दिर परिसर में बनाये गये द्वादश ज्योतिर्लिंग मन्दिर पहुंचकर बाल ब्रह्मचारी त्यागमूर्ति अखंडानंदजी महाराज के 55वे निर्वाण दिवस पर उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण किया तथा आरती की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि वे त्यागमूर्ति अखंडानंदजी महाराज एवं अन्य सभी सन्तों को प्रणाम करते हैं। आज त्यागमूर्ति का निर्वाण नहीं बल्कि निर्माण है। सन्तों के चरणों में शान्ति मिलती है। एक नई ऊर्जा प्राप्त होती है। हम सभी का सौभाग्य है कि आज के दिन मध्य प्रदेश में 5जी नेटवर्क का शुभारम्भ निर्वाण दिवस पर हो रहा है। सन्त हमें संमार्ग पर चलने का सन्देश देते हैं। उनके आशीर्वाद से श्री महाकाल महालोक का निर्माण साकार रूप ले सका।

इसके द्वितीय चरण के अन्तर्गत निर्माण कार्य शीघ्र ही पूर्ण होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी अवन्तिकापुरी तीनों लोकों से न्यारी है।आदि गुरू शंकराचार्यजी के कारण भारतीय संस्कृति और सभ्यता की रक्षा हो सकी। उन्होंने चारों दिशाओं से हमारे देश को जोड़ने का कार्य किया। नर्मदा सेवा यात्रा के समय ओंकारेश्वर में आदिगुरू शंकराचार्य की प्रतिमा और अद्वैत वैदिक संस्थान बनाये जाने की योजना पर विचार किया गया। शीघ्र गति से उक्त निर्माण कार्य चल रहे हैं। आगामी जुलाई-अगस्त 2023 तक आदिगुरू शंकराचार्य की प्रतिमा का निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। सन्त हमें सद्बुद्धि दे, हमें संमार्ग पर चलायें, बस यही कामना है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वामी परमानंद गिरिजी महाराज, सन्त शान्तिस्वरूपानंदजी, साध्वी ऋतंभरा सहित कई बडे संतों से सन्त बालकानंदजी महाराज, विशोकानंदजी महाराज, विश्वआत्मानंदजी महाराज, महन्त ज्ञानदेवजी महाराज, आत्मानंद सरस्वतीजी महाराज, चिदंबरानंदजी महाराज, जगदप्रकाशजी महाराज, दीर्घचेतनानंदजी महाराज, जितेंद्रानंद सरस्वतीजी महाराज, सेवानंद गिरिजी महाराज एवं अन्य सन्तों से आशीर्वाद लिया।

You may have missed