October 10, 2024

आरोग्य भारती ने रामद्वारे में मनाई धन्वन्तरि जयन्ती,वरिष्ठ चिकित्सकों का किया सम्मान

रतलाम,23 अक्टूबर (इ खबरटुडे)। चिकित्सकों के बीच कार्य करने वाली संस्था आरोग्य भारती द्वारा श्री बडा रामद्वारा में धन्वन्तरि जयन्ती का आयोजन किया गया। इस मौके पर भगवान धन्वन्तरि के पूजन के साथ वरिष्ठ चिकित्सक पद्मश्री डा.लीला जोशी,डा.केसी पाठक और डा.मनीष गुप्ता का सम्मान किया गया।

प्रारंभ में रामद्वारे के महन्त श्री पुष्पराज जी रामस्नेही व आंमंत्रित अतिथि चिकित्सकों ने रामद्वारे में संचालित आयुर्वेदिक चिकित्सालय में भगवान धन्वन्तरि की पूजा की। तत्पश्चात रामद्वारे में भी भगवान धन्वन्तरि का पूजन किया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पद्मश्री डा. लीला जोशी ने कहा कि विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों में आपस में विवाद की स्थिति नहीं बनना चाहिए,क्योंकि सभी पद्धतियों का अंतिम लक्ष्य मानव को स्वस्थ रखना और रोगों से बचाने का है। उन्होने कहा कि व्यक्ति बीमार ही ना हो,इसके लिए जो उपाय बताए जाते है,वे सभी चिकित्सा पद्धतियों में समान ही है। डा.जोशी ने कहा कि सभी चिकित्सा पद्धतियां यह स्वीकार करती है कि यदि व्यक्ति नियमित व्यायाम करता है और खानपान सही रखता है,तो उसके अस्वस्थ होने की आशंका कम होती है। डा.जोशी ने कहा कि प्रत्येक चिकित्सक किसी भी रोगी की चिकित्सा करने से पूर्व भगवान से प्रार्थना करता है कि वह रोगी को स्वस्थ करें। इसीलिए चिकित्सक अपने पर्चा लिखते समय सबसे पहले आरएक्स लिखते है। डा.केसी पाठक ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान रामद्वारे के महन्त पुष्पराज जी रामस्नेही ने डा.लीला जोशी,डा.पाठक और डा.गुप्ता का शाल श्रीफल से सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन आरोग्य भारती के अध्यक्ष डा. रवीन्द्र उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम में डा.सुशील शर्मा,डा. दिनेश राव,पर्यावरण विद खुशालसिंह पुरोहित,समेत बडी संख्या में चिकित्सक व अन्य लोग उपस्थित थे। प्रसाद वितरण के पश्चात कार्यक्रम संपन्न हुआ।

You may have missed