October 10, 2024

प्रखर चिंतक और युगदृष्टा थे दीनदयाल उपाध्याय -जन अभियान परिषद की व्याख्यानमाला में पार्थ सारथी जी ने कहा ;लोकतंत्र सेनानियों का किया सम्मान

रतलाम 25 सितम्बर(इ खबर टुडे)। म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक राष्ट्रवाद विषय पर व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया जिसमें लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष एवं योग आयोग के उपाध्यक्ष भरत बैरागी, मुख्य वक्ता प्रांत प्रकल्प प्रमुख पार्थ सारथी, अध्यक्षता लोकतंत्र सैनानी संभागीय अध्यक्ष महेंद्र नाहर, विशेष अतिथि जनपद अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल, समाजसेवी गोविंद काकानी, एनजीओ प्रकोष्ठ जिला संयोजक राजेश रांका, नवांकुर समिति सदस्य एड. सुनीता छाजेड़, जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय के आतिथ्य में संपन्न हुआ। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ तत्पश्चात जिला समन्वयक द्वारा रत्नेश विजयवर्गीय द्वारा स्वागत उद्बोधन अतिथि परिचय दिया गया।

भरत बैरागी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की सोच को समाज के कल्याण की सोच बताया। उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी का जीवन चरित्र ओजस्वी था, राष्ट्र ही उनका परिवार था। उनके विचारों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। भारत को सशक्त बनाने के लिए दीनदयालजी के विचारों को अपनाने की जरूरत है। उन्होंने वसुधैव कुटुंबकम की अवधारणा पर बल दिया।

कार्यक्रम के मुख्यवक्ता श्री पार्थ सारथी ने दीनदयाल उपाध्यायजी को प्रखर चिंतक, युगदृष्टा तथा एकात्म मानववाद के प्रणेता के रूप में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। आपने कहा कि आज भारत देश एक सूत्र में पिरोया हुआ है अनेकता में एकता का मंत्र भारत की आत्मा में बसता है। वहीं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की झलक है।

समाजसेवी गोविंद काकानी ने दीनदयालजी की सोच को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और उसका कल्याण करने की सोच बताया, आज उसी सोच का परिणाम कि आज भारत की सरकार अंत्योदय पर बल दे रही है। महेंद्र नाहर ने पं दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को राष्ट्र हितैषी विचार बताया। उन्होंने कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय बहुत ही सादगी और सरलता की मिसाल थे उनका व्यवहार देश प्रेम से ओतप्रोत था। राजेश रांका ने पं. दीनदयालजी की जीवनी पर प्रकाश डाला।

श्रीमती साधना जायसवाल ने कहा कि दीनदयालजी के संगठनात्मक कार्यो से आज देश और प्रदेश को योग्य प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री मिले हैं। एडवोकेट सुनीता छाजेड़ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर शहर के लोकतंत्र सेनानियों का रुद्राक्ष की माला एवं दुपट्टा डाल कर अभिनंदन किया गया संचालन महावीर दास बैरागी ने किया एवं आभार विकासखंड समन्वयक शैलेंद्रसिंह सोलंकी ने माना। कार्यक्रम में रतलाम नगर के प्रबुद्धजन, समाजसेवी, नवांकुर समितियों एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्य सीएमसीएलडीपी प्रोग्राम के एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं तथा परामर्शदाता उपस्थित थे।

You may have missed