October 11, 2024

Heavy rain : भारी बारिश से हजरतगंज में बड़ा हादसा, मकान की दीवार गिरने से दस लोगों की मौत

लखनऊ,16सितंबर(इ खबर टुडे)। लखनऊ में भारी बारिश के हाल बेहाल है और यहां कई मकानों की दीवार ढह गई है। लोगों का बहुत नुकसान भी हो गया। यहां हजरतगंज कैंट क्षेत्र के दिलकुशा के पीछे वाली कालोनी से 10 लोगों के मरने की सूचना मिली है।

सीएमओ के मुताबिक 10 लोगों की मौत हुई है। इनमें तीन महिलाएं, चार पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। वहीं बचाव को तेजी देने के ल‍िए दिलकुशा में एनडीआरएफ को बुलाया गया है। स्थानीय पुलिस ने बताया है कि हजरतगंज इलाके में दीवार गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई है। यह एक घर की दीवार थी। इस घटना में दो बच्चों की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

भारी बारिश के कारण हुआ हादसा
हजरतगंज में यह हादसा भारी बारिश की वजह से हुआ है। लंबे इंतजार के बाद लखनऊ में गुरुवार से लगातार बारिश हो रही है। प्रशासन ने दीवार का मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। सीएम योगी ने खुद डीएम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। बारिश के कारण राहत कार्य में दिक्कत हो रही है।

100 साल पुराना था घर
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में कई पुराने मकान हैं। यह घर करीब 100 साल पुराना बताया जा रहा है। बारिश से घर की पूरी दीवार गिर गई, जिसमें 10 लोग दब गए। हजरतगंज के इस इलाके में काफी छोटी गलियां हैं, जिससे बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है।

सीएम योगी ने की 4 लाख की आर्थिक मदद की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में दीवार गिरने की घटना पर संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। डीएम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

You may have missed