October 5, 2024

Robber brides : तीन लुटेरी दुल्हनों का कारनामा, शादी के नाम पर साढ़े चार लाख लिए और सगाई के बाद भागीं

इंदौर,15 जुलाई(इ खबरटुडे)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में भी लुटेरी दुल्हनें पहुंच गई हैं। तीन दुल्हनों और दलाल ने किसान परिवार को साढ़े चार लाख की चपत लगा दी है। सगाई की रस्में निभाने के बाद सभी रुपये-जेवर लेकर भाग गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

बता दें कि घटना इंदौर जिले की सांवेर तहसील के ग्राम पंचोला की है। किसान जगदीश कुंवर सुनेर ने पुलिस को बताया कि उनके दो बेटे लखन और प्रहलाद हैं, जिनकी शादी को लेकर वे काफी समय से परेशान थे। गणेश नामक एक व्यक्ति इसी का फायदा उठाकर उनसे मिलने पहुंचा। उसने बताया कि बाणगंगा के दीपमाला ढाबे के पीछे एक गरीब परिवार की दो बेटियां मधु और तनु हैं, जिनकी शादी आपके बेटों से की जा सकती है। जगदीश भरोसे में आ गए। इसी बीच जगदीश के साढ़ू भाई का बेटा जितेंद्र के लिए भी गणेश ने लड़की बता दी। तीनों की शादी के बदले उन्होंने साढ़े चार लाख रुपये की मांग की। गणेश ने महेश और सुंदरबाई को लड़कियों का रिश्तेदार बताया था।

पीड़ित किसान जगदीश ने बताया कि लखन की शादी मधु के साथ, प्रहलाद की तनु और जितेंद्र की शादी रेखा के साथ तय हुई। तीनों रिश्ते के बदले डेढ़-डेढ़ लाख रुपये लिए थे। 7-8 जनवरी को शादी की तारीख भी तय थी। 13 दिसंबर को सगाई की गई। यहीं से तीनों लड़कियां गायब हो गईं। मधु और तनु को शादी के पहले कुछ रकम भी दी थी। किसान परिवार ने उन्हें तलाशा, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। मंगेतरों के रिश्तेदार बने महेश, सुंदरबाई और गणेश को भी किसान परिवार ने तलाशा, लेकिन वे भी नहीं मिले।

करीब छह महीने बदनामी के डर से अकेले ही उनकी तलाश करते रहे। थक हारकर किसान और उसके बेटों ने गुरुवार को पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। सांवेर पुलिस ने गणेश, महेश और सुंदर बाई के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। मामले में जांच शुरू कर दी है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds