October 11, 2024

जापान के पूर्व PM पर भाषण के दौरान फायरिंग,दिल का दौरा भी पड़ा, न्यूज एजेंसी AFP ने मौत हो जाने की जताई आशंका

टोक्यो,08 जुलाई (इ खबरटुडे)। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर शुक्रवार सुबह जापान के नारा शहर में हमला हुआ। एक चुनावी कैंपने के दौरान किसी ने उन्हें दो गोली मार दी। उनकी हालत को लेकर अलग-अलग जानकारियां आ रही हैं।

जापानी मीडिया के मुताबिक, आबे के दिल ने काम करना बंद कर दिया है। सांस लेने में दिक्कत हो रही है। बाकी अंग भी काम नहीं कर रहे हैं। उधर न्यूज एजेंसी AFP ने उनकी मौत हो जाने की आशंका जताई है। आबे का इलाज नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में चल रहा है।

प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा उन्हें देखने के लिए पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आबे पर हुए हमले को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि इस हमले से दुखी हूं। मेरी दुआएं आबे और उनके परिवार के साथ हैं।

आबे पर फायरिंग उस वक्त की गई, जब वे चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान फायरिंग की आवाज हुई और आबे अचानक गिर पड़े। शुरुआती रिपोर्ट में खबर आई कि किसी ने उन्हें सीने पर गोली मार दी। हालांकि बाद में ये साफ हुआ कि उन्हें पीछे से दो गोली मारी गईं है।

हमलावर को गिरफ्तार किया गया
पुलिस ने मौके पर 42 साल के हमलावर यामागामी तेत्सुया को गिरफ्तार किया है। उसके पास से गन बरामद हुई है। जापानी मीडिया के मुताबिक, हमलावर ने हैंडमेड गन का इस्तेमाल किया। वो मेरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स का मेंबर था। हालांकि अब तक हमले की वजह का पता नहीं चल पाया है।

You may have missed