October 11, 2024

Emergency landing/प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग:दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट में अचानक भर गया धुआं, 5,000 फीट की ऊंचाई से पायलट ने दिल्ली एयरपोर्ट में करवाई इमरजेंसी लैंडिंग

नई दिल्ली ,02जुलाई(इ खबर टुडे)। स्पाइसजेट के विमान में धुआं भरने के बाद शनिवार सुबह दिल्ली में इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। स्पाइसजेट की दिल्ली-जबलपुर फ्लाइट के केबिन में जिस समय धुआं दिखा, तब प्लेन 5 हजार फीट की ऊंचाई पर था।

धुआं भरते ही पैसेंजर्स में अफरातफरी मच गई और विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला किया गया। इसके बाद उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। स्पाइसजेट के इस प्लेन ने दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 6:15 पर उड़ान भरी थी।

दिल्ली से जबलपुर आ रही स्पाइस जेट की फ्लाइट में तकरीबन 60 से 70 यात्रियों को लेकर जैसे ही विमान जबलपुर के लिए उड़ा तभी कुछ मिनिट बाद विमान में चिंगारी उठी और प्लेन के भीतर धुँआ-धुँआ हो गया। ए.सी बन्द हो जाने से यात्री परेशान हो गए। प्लेन में आई गड़बड़ी के बाद पायलट ने पुनः दिल्ली एयरपोर्ट में इमरजेंसी लैंडिंग करवाई।

प्लेन में सफर कर रहे एक यात्री ने बताया कि आज सुबह तकरीबन 6:15 बजे दिल्ली से जबलपुर के लिए स्पाइस जेट का विमान उड़ान भरा। क़रीब 15 मिनिट बाद ही प्लेन में अचानक से ही चिंगारी निकली और धुआँ-धुआँ हो गया। ए.सी बन्द हो जाने से सभी यात्री परेशान होने लगे,कोई मैगजीन से तो कोई कपड़े से हवा कर रहा था। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर पायलट ने प्लेन को पुनः दिल्ली तरफ ले जाकर एयरपोर्ट में सुरक्षित लैंडिंग करवाई।

दिल्ली से जबलपुर स्पाइस जेट की यह फ्लाइट के डुमना एयरपोर्ट जबलपुर आने का समय सुबह 8:30 बजे का है। प्लेन में सफर करने वाले यात्री ने बताया कि 10:00 बजे तक बोला गया था कि दूसरे प्लेन की व्यवस्था करके जबलपुर पहुँचा दिया जाएगा पर अभी भी सभी लोग दिल्ली एयरपोर्ट में ही रुके हुए है। 10:30 बजे प्लेन दिल्ली से जबलपुर के लिए उड़ा है।

स्पाइस जेट की लापरवाही बताया था
पटना में स्पाइसजेट की विमान लैंडिंग मामले में यात्रियों ने बड़ा दावा किया था। लैंडिंग के समय विमान की 18 नंबर सीट पर बैठी एक युवती शिब्बु सुमन ने मीडिया से कहा था कि टेक ऑफ के वक्त ही इंजन से अजीब सी आवाज आ रही थी। यह नॉर्मल साउंड से अलग थी। उसने बताया कि 18 से 22 नंबर सीट के पास ही विमान के विंग्स थे। वहीं से बहुत तेज आवाज आ रही थी। सुमन ने यह दावा भी किया कि विमान से पक्षी नहीं टकराया था, बल्कि यह मेंटेनेंस की प्रॉब्लम थी।

You may have missed