October 11, 2024

दबाव में भाजपा ने किया सौदा अपने सिद्धांतों का

भोपाल,15जून(इ खबर टुडे)। पार्षद हेतु उम्मीदवारों के चयन की बैठक में ध्रुव नारायण सिंह होंगे शामिल, विरोध शुरू किसी भी पद पर नहीं हैं ध्रुव नारायण सिंह, लेकिन बाकी वरिष्ठों की उपेक्षा कर बैठक में आमंत्रित

भारतीय जनता पार्टी की भोपाल जिला इकाई में सब ठीक नहीं चल रहा है। बल्कि गलत के तौर पर इसमें जो कुछ हो रहा है, वह हतप्रभ कर देने वाला है। बहुत गंभीर तथ्य यह कि यह सारी गड़बड़ी भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री के दबाव में की जा रही है। मामला शेहला मसूद हत्याकांड को लेकर चर्चित रहे पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह से जुड़ा हुआ है।


नगर निगम चुनाव में पार्षद चयन को लेकर बुधवार को ग्यारह बजे से भोपाल जिला इकाई की बैठक बुलाई गई है। इसमें प्रत्याशी चयन के मापदंड पर मुख्य रूप से विचार होगा। बैठक में जिला इकाई के पदाधिकारियों सहित पार्टी के कुछ बड़े पदाधिकारी भी शामिल होंगे। लेकिन इसमें शामिल होने वालों में ध्रुव नारायण सिंह के नाम ने सभी को चौंका दिया है। सिंह वर्तमान में भाजपा में किसी भी पद पर नहीं हैं। वह जिस भोपाल मध्य सीट से कभी विधायक रहे थे, उस सीट पर उनके बाद सुरेंद्र नाथ सिंह ने भाजपा को विजय दिलाई थी। विचित्र बात यह भी कि इस बैठक के लिए सुरेंद्र नाथ सिंह को आमंत्रित नहीं किया गया है। जबकि सुरेंद्र नाथ सिंह लगातार चार बार भाजपा की भोपाल जिला इकाई के अध्यक्ष रह चुके हैं। इस नाते बैठक में सुरेंद्र नाथ सिंह की उपेक्षा किसी के गले नहीं उतर रही है।


इधर, ध्रुव नारायण सिंह को बैठक में बुलाए जाने का विरोध शुरू हो गया है। भाजपा के ही लोगों ने इस मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के समक्ष तीखी आपत्ति जताई है। बता दें कि चर्चित शेहला मसूद हत्याकांड में ध्रुव नारायण सिंह का भी नाम आया था। हालांकि बाद में सीबीआई ने उन्हें क्लीन चिट दे दी थी, लेकिन इस मामले में ध्रुव को लेकर जो चारित्रिक आक्षेप लगे, उनके मद्देनज़र ही पार्टी ने उन्हें फिर विधायक के टिकट सहित किसी भी पद से वंचित कर रखा है।


सूत्रों ने बताया कि ध्रुव नारायण सिंह को बैठक में बुलाने का निर्णय दबाव के चलते लिया गया है। सिंह को एक पूर्व राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री के ख़ास लोगों में शामिल किया जाता है। सूत्रों के अनुसार ध्रुव नारायण सिंह ने हाल ही में पूर्व सह संगठन मंत्री से संपर्क किया था। इसके बाद राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री ने कई लोगों को फोन लगाकर हिदायत दी कि ध्रुव नारायण को आवश्यक रूप से बैठक में शामिल कराया जाए। जानकारों का यह भी कहना है कि इसी प्रभाव और दबाव के चलते ध्रुव नारायण सिंह आज शाम पांच बजे होने वाली संभागीय इकाई की बैठक में भी शामिल होंगे। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। संभागीय इकाई की बैठक आज शाम पांच बजे होगी।

You may have missed