October 12, 2024

Ukraine Russia War : यूक्रेन में फॉक्स न्यूज के कैमरामैन की मौत, रूस ने बाइडन-ब्लिंकन पर लगाया प्रतिबंध

कीव/मास्को/ वाशिंगटन,15 मार्च(इ खबर टुडे)। रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 20वां दिन है। इस बीच दोनों देशों के बीच अब तक कई बार बातचीत हो चुकी है, लेकिन जंग को समाप्त करने के लिए आम सहमति नहीं बन पा रही है। लंबी खिचती जंग के बीच रूस के सैन्य उपकरण और गोला-बारूद तेजी से खत्म हो रहे हैं। पूर्व अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने दावा किया है कि रूस के पास सिर्फ दस दिन का ही गोला-बारूद बचा है। वहीं यूक्रेन बनाम रूस मामले में अंंतरराष्ट्रीय अदालत 16 मार्च को अपना फैसला सुना सकती है।

उधर, यूक्रेन ने दावा किया है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन हमारे जंगल काटने की तैयारी कर रहे हैं। ब्रिटेन के रूस के खिलाफ कुछ और प्रतिबंधों का एलान किया है तो रूस ने अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन समेत कई शीर्ष अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। इस बीच खबर आई है कि यूक्रेन में एक और मीडियाकर्मी की मौत हो गई है।

यूक्रेन के एसएसएससीआईपी साइबर सुरक्षा एजेंसी के उप चेयरमैन विक्टर झोरा के अनुसार फरवरी मध्य के बाद से यूक्रेन के खिलाफ 3000 साइबर हमले हुए हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकतर हमले रूस की ओर से किए गए हैं। इनका उद्देश्य इंटरनेट सेवा प्रदाताओं को निशाना बनाना और अन्य संचार सेवाओं को ठप करना था।

यूक्रेन में फॉक्स न्यूज के कैमरामैन की मौत
फॉक्स न्यूज के एक कैमरामैन की यूक्रेन में मौत होने की खबर सामने आई है। मृतक की पहचान पियरे जक्रजेव्स्की के रूप में हुई है जो फॉक्स न्यूज में कैमरामैन थे। जानकारी के अनुसार उनकी मौत यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहरी इलाके में तब हुई जब वह करेस्पॉन्डेंट बेंजामिन हाल के साथ काम कर रहे थे। इस दौरान उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया।

रूस ने बाइडन समेत शीर्ष अमेरिकी अधिकारियों पर लगाए प्रतिबंध
रूस ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और व्हाइट हाउस ने अन्य शीर्ष अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। रूस ने इन्हें एक ‘स्टॉप लिस्ट’ में शामिल किया है जो उन्हें देश में प्रवेश करने से रोकती है। जानकारी के अनुसार इस लिस्ट में 13 अमेरिकी शामिल किए गए हैं जिनमें रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन, सीआईए प्रमुख विलियम बर्न्स, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का नाम भी शामिल है। रूस ने यह कदम अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के जवाब में उठाया है।

जेलेंस्की बोले: यूक्रेन को तबाह करने की कोशिश कर रहा रूस
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक नया वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने रूस पर यूक्रेन को तबाह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रूस के कदम खुद को नुकसान पहुंचाने वाले हैं। इसके साथ ही जेलेंस्की ने देश छोड़कर जा रहे लोगों की बड़ी संख्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हम जीवन के लिए लड़ रहे हैं, हम टैंकों, विमानों और मोर्टार के खिलाफ लड़ रहे हैं, जिनका इस्तेमाल रूस हमें तबाह करने के लिए कर रहा है। लेकिन रूस खुद को भी नुकसान पहुंचा रहा है। यूक्रेन के खिलाफ रूस की ओर से उठाया जा रहा हर कदम उसे ही नुकसान पहुंचा रहा है।

15 रूसी अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाएगा कनाडा
कनाडा ने 15 रूसी अधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने का एलान किया है जिन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन पर हमले में सहयोग किया। यह कदम मॉस्को पर दबाव बढ़ाने के लिए उठाया जा रहा है। कनाडा की विदेश मंत्री मेलनी जॉली ने कहा कि पुतिन ने अपने गैरकानूनी और अकारण हमले को जारी रखने का फैसला किया है। वह इस हिंसा को समाप्त करने का फैसला भी ले सकता है। अगर रूसी नेतृत्व ने अपना रुख नहीं बदला तो कनाडा और कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।

खरसन में फंसे तीन भारतीय सुरक्षित निकाले गए
भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया है कि यूक्रेन के खरसन में फंसे तीन भारतीय नागरिकों को सिंफरोपोल और मॉस्को के रास्ते से निकाल लिया गया है। वह कुछ देर पहले मॉस्को से विमान में सवार हो चुके हैं।

सूमी से नागरिकों को निकालने के लिए 70 बसें तैयार
यूक्रेन के सूमी में नागरिकों को निकालने के लिए 70 से अधिक बसें तैयार हैं। अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति (आईसीआरसी) के प्रवक्ता इवान वाटसन ने कहा कि लोग एकत्र हो गए हैं, हम उम्मीद करते हैं कि सब योजनानुसार होगा।

रूसी अभियोजकों ने एक अदालत से क्रेमलिन के आलोचक एलेक्सी नवलनी को अधिकतम सुरक्षा जेल में स्थानांतरित करने के लिए कहा है। यह अनुरोध करने के बाद कि वह नए धोखाधड़ी के आरोपों में 13 साल की जेल की सजा काटेगा। रूस में व्लादिमीर पुतिन के सबसे मुखर आलोचक नवलनी को पिछले साल जेल में डाल दिया गया था।

स्पेन के अधिकारियों ने एक नौका जब्त की है। यह नौका रूसी कुलीन अलेक्जेंडर मिखेयेव की है, जिस पर यूरोपीय संघ ने प्रतिबंध लगाए हैं। रूस और यूक्रेन के बीच हो रही प्रतिनिधिमंडल स्तरीय वार्ता में यूक्रेन के वार्ताकार मिखाइल पोडोल्याक ने बताया है कि दोनों देशों के बीच बातचीत फिर से शुरू हो गई है।

370 और रूसियों पर प्रतिबंध लगाएगा यूके
यूनाइटेड किंगडम 370 और रूसी व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। इनमें 50 कुलीन वर्ग और उनके परिवार शामिल हैं जिनकी कुल आय 100 अरब पाउंड से भी अधिक है। यूक्रेन पर हमले के बाद से रूस के 1000 से अधिक लोगों और संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है। इनमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और रक्षा मंत्री सर्गी शोइगु भी शामिल हैं। स्पुतनिक की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि वोलोदिमिर जलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन को यह हर हालत में स्वीकार कर लेना चाहिए कि हम नाटो में शामिल नहीं होंगे।

मारियुपोल से निकलीं लगभग 2000 कारें
यूक्रेन के मारियुपोल शहर से लगभग 2000 कारें निकल पाई हैं और लगभग इतनी ही और यहां से निकलने का इंतजार कर रही हैं। यह जानकारी स्थानीय अधिकारियों ने दी है।

यूक्रेन के जंगल काटने की तैयारी में पुतिन
यूक्रेन के सैन्य इंटेलिजेंस की ओर से प्रकाशित एक दस्तावेज में दावा किया गया है कि व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के जंगलों की बड़े स्तर पर कटाई करने का आदेश जारी करने की योजना बना रहे हैं। इस लकड़ी को रूस में बेचने की तैयारी की जा रही है। यूक्रेन के डिफेंस इंटेलिजेंस की ओर से प्रकाशित दस्तावेज में इससे संबंधित एक कथित पत्र भी साझा किया गया है। यह पत्र रूस के रक्षा मंत्री सर्गी शोइगु ने रूसी राष्ट्रपति को लिखा है।

यूके ने रूस को लग्जरी उत्पादों के निर्यात पर लगाया प्रतिबंध
यूके सरकार ने रूस के महंगे लग्जरी उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध का एलान किया है। रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच रूस के खिलाफ प्रतिबंधों की नई श्रंखला में वोदका जैसे प्रमुख रूसी उत्पादों पर आयात शुल्क भी बढ़ाया गया है। आयात शुल्क में इजाफे का सबसे अधिक असर रूसी वोदका पर पड़ा है।

You may have missed