October 12, 2024

Russia Ukraine War : यूक्रेन में बमबारी रुकने के बाद भारत आएगा नवीन का पार्थिव शरीर, रूस बना सबसे ज्यादा प्रतिबंधों वाला देश

मास्को,08मार्च(इ खबर टुडे)। रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग का आज 13वां दिन है। इससे एक दिन पहले यानि सोमवार को दोनों देशों के बीच हुई वार्ता में कोई सहमति नहीं बन पाई। लिहाजा, वार्ता बेनतीजा रही। इस बीच यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि, रूस के आक्रमण की वजह से यूक्रेन के ट्रांसपोर्टेशन को करीब 10 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। वहीं यूक्रेन ने दावा किया है कि उन्होंने खारकीव में एक रूसी मेजर जनरल को मार गिराया है।

यूक्रेन में रूसी हमले का शिकार हुए कर्नाटक के नवीन शेखरप्पा का शव जंग समाप्त होने के बाद भारत लाया जाएगा। कर्नाटक की सीएम बसवराज बोम्मई ने मंगलवार को बताया कि, इस मामले में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से बात हुई है। उन्होंने सूचित किया है कि नवीन का शव मुर्दाघर में रखा गया है। गोलाबारी रुकने के बाद उनका पार्थिव शरीर भारत लाया जाएगा।

यूक्रेन में फंसे 200 छात्रों को लेकर एक और फ्लाइट आज सुबह दिल्ली पहुंच गई। इन छात्रों को रोमानिया के रास्ते एयरलिफ्ट कराया गया। एक छात्र का कहना है कि हम जिस रास्ते पर थे, वहां कोई बमबारी नहीं हुई। दूतावास के अधिकारियों ने हमारी हर कदम पर मदद की।

रूस ने तबाह किए यूक्रेन के 26 सैन्य ढांचे
रूस की ओर से यूक्रेन के कई सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की गई है। रूसी रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि, इस एयरस्ट्राइक में उसने यूक्रेन के 26 सैन्य ढांचों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है।

आज 12ः30 बजे से रूस का सीजफायर
भारत में रूसी दूतावास ने बताया कि, यूक्रेन के युद्धग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को निकालने के लिए आज दोपहर 12ः30 बजे(भारतीय समयानुसार) से सीजफायर रहेगा। इस दौरान लोगों को निकालने के लिए मानवीय कॉरिडोर बनाया जाएगा।

रूस पर लगे सबसे ज्यादा प्रतिबंध
यूक्रेन पर हमले के बाद रूस सबसे ज्यादा प्रतिबंधों वाला देश बन गया है। यहां तक कि, प्रतिबंधों के मामले में रूस ने ईरान व उत्तर कोरिया को भी पीछे छोड़ दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2,778 नए प्रतिबंधों के साथ कुल 5,530 प्रतिबंध रूस पर अब तक लगाए गए हैं।

खारकीव में परमाणु ऊर्जा केंद्र पर हुई गोलीबारी
इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी का कहना है कि रूस की ओर से गोलीबारी में यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में परमाणु ऊर्जा केंद्र को नुकसान पहुंचने की खबर है। हालांकि, अभी तक किसी भी प्रकार के रेडिएशन की सूचना नहीं है।

खारकीव में मारा गया रूसी जनरल- यू्क्रेन
13वें दिन की जंग के बीच यूक्रेन की ओर से बड़ा दावा किया गया है। यूक्रेनी सेना के खुफिया विभाग का कहना है कि खारकीव में उसने रूसी जनरल को मार गिराया है। इसकी पहचान मेजर जनरल विटैली गेरासिमोव के रूप में हुई है। अधिकारियों का कहना है कि इस मेजर जनरल ने रूस की ओर से क्रीमिया, चेचन और सीरिया की लड़ाई में भाग लिया था। हालांकि, रूस की ओर से अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

यूक्रेन के ट्रांसपोर्टेशन को 10 अरब डॉलर का नुकसान
रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग में दोनों देशों को भारी नुकसान हो रहा है। इस बीच यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि, उसे ट्रांसपोर्टेशन में अब तक करीब 10 अरब डॉलर का नुकसान हो चुका है।

You may have missed