October 12, 2024

Ratlam news : प्रशासन द्वारा करोड़ों रुपए मूल्य की भूमि शासकीय घोषित, कर्नाटक के राज्यपाल का कार्यक्रम भ्रमण

रतलाम,17फरवरी(इ खबर टुडे)। जिला प्रशासन द्वारा जिले के आलोट में करोड़ों रुपए मूल्य की भूमि शासकीय घोषित की गई है। जिसका उपयोग संभवत आलोट में आमजन के हित में बस स्टैंड निर्माण के लिए किया जा सकेगा। कलेक्टर न्यायालय द्वारा पारित निर्णय में आलोट शहर के मध्य में स्थित 10 हेक्टेयर से ज्यादा भूमि को शर्तों के उल्लंघन और उपयोग परिवर्तन पर शासकीय घोषित कर दिया गया है।

कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम द्वारा निर्णय में जिले के आलोट की 10.22 हेक्टेयर भूमि को शासकीय घोषित किया गया है। उक्त भूमि का मूल्य करोड़ों रुपए में है। बताया गया है कि भूमि पूर्व समय में जिनिंग फैक्ट्री संचालन के लिए दी गई थी। कलेक्टर द्वारा उक्त भूमि के संबंध में कब्जेदार द्वारा शर्तों के उल्लंघन, बगैर सक्षम अनुमति भूमि उपयोग परिवर्तन करने पर मध्य प्रदेश भू राजस्व संहिता 1959 की धारा 182 के तहत भूमि सर्वे नंबर 521, 522, 523, 524, 525, 526, 527, 528, 562 को शासकीय घोषित किया गया है।

कर्नाटक के राज्यपाल का भ्रमण कार्यक्रम
कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत 19 फरवरी को रतलाम आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री गहलोत 19 फरवरी को शाम 6ः00 बजे अतिथि पैलेस सैलाना रोड रतलाम आकर श्री मनीष गहलोत के मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। रात्रि विश्राम रतलाम सर्किट हाउस पर रहेगा। महामहिम राज्यपाल 20 फरवरी को प्रातः 8ः00 बजे रतलाम से नागदा के लिए प्रस्थान करेंगे।

इप्का लेबोरेटरीज के लिए आईटीआई में अप्रेंटिस ड्राइव का आयोजन
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई रतलाम में 17 फरवरी को अप्रेंटिस ड्राइव का आयोजन किया गया। इप्का लेबोरेटरीज के लिए आयोजित उक्त ड्राइव में 12 प्रतिभागी शामिल हुए जिनमें से 2 प्रतिभागियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया गया।

आईटीआई प्राचार्य श्री यूपी अहिरवार ने बताया कि इप्का कंपनी प्रतिनिधि द्वारा अन्य व्यवसायों की रिक्तियों के बारे में जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। रिक्तियों के विरुद्ध आवेदन https://www.apprenticeshipindia.gov.in/ पर जाकर किए जा सकते हैं। इच्छुक प्रशिक्षणार्थी कंपनी प्रतिनिधि से 07412-278051 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिले के 6 हजार से ज्यादा किसानों के बैंक खातों में 6 करोड़ से अधिक राहत राशि
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को प्रदेश के ओलावृष्टि एवं असामयिक वर्षा से फसल क्षति संबंधी प्रभावित किसानों के बैंक खातों में करोड़ों रुपए की राहत राशि एक सिंगल क्लिक से अंतरित की। इस अवसर पर रतलाम जिले के 6109 किसानों के बैंक खातों में 6 करोड़ 61 लाख रुपए राशि अंतरित की गई।

इस अवसर पर रतलाम एनआईसी कक्ष में कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, अपर कलेक्टर एमएल आर्य, उप संचालक कृषि विजय चौरसिया, अधिक्षक भू अभिलेख रमेश सिसोदिया, बद्रीलाल चौधरी तथा कृषकगण उपस्थित थे। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन को देखा सुना गया।

You may have missed