October 12, 2024

Crime news: मुंबई में डेढ़ मिनिट में 70 लाख की लूट, वारदात में शामिल दो आरोपी महाकाल मंदिर दर्शन करने आए,एसटीएफ ने पकड़ा

उज्जैन,06फरवरी (इ खबरटुडे)। मुंबई से 70 लाख की लूट कर महाकाल मंदिर दर्शन करने आए उत्तर प्रदेश के 2 बदमाशों को उज्जैन एसटीएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है।  वारदात में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने भूखी माता मंदिर रोड से पकड़ा। दोनों दर्शन करने के बाद उत्तर प्रदेश के जौनपुर जा रहे थे। आरोपियों के पास से तीन लाख रुपये नकद व कार बरामद हुई है। दोनों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।

स्पेशल टास्क फोर्स की निरीक्षक दीपिका शिंदे ने बताया कि 2 फरवरी को महाराष्ट्र के मुंबई में मुलूंड में हथियारों से लैस करीब पांच बदमाशों ने 70 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया था। वारदात का सीसीटीवी फुटेज मुंबई पुलिस को मिला था। इस आधार पर बदमाशों की जानकारी मुंबई पुलिस ने एसटीएफ उज्जैन को दी थी। एसटीएफ की टीम ने वारदात में शामिल दो बदमाश विपिन उर्फ मोनू निवासी नरी गांव बक्सा थाना, जौनपुर, उत्तरप्रदेश व उसके साथी रत्नेशसिंह निवासी सदर, जौनपुर उत्तरप्रदेश को भूखी माता मंदिर रोड से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों महाकाल मंदिर दर्शन करने के लिए उज्जैन आए थे।

पुलिस के अनुसार विपिन जौनपुर का कुख्यात बदमाश है। उसके खिलाफ जौनपुर में कई केस दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट सहित कई गंभीर अपराध शामिल हैं। रत्नेश के खिलाफ एक ही मामला दर्ज है। बदमाशों ने पूछताछ में बताया है कि वह उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पूर्व में भी वह कई बार महाकाल दर्शन करने के लिए उज्जैन आए थे। टीआइ शिंदे के अनुसार दोनों बदमाशों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।

इनामी बदमाश है मोनू
सूत्रों के अनुसार विपिन उर्फ मोनू इनामी बदमाश है। मोनू के खिलाफ विभिन्ना थानों में कई केस दर्ज हैं। उत्तरप्रदेश पुलिस ने वर्ष 2018 में उसे गिरफ्तार किया था। बाद में वह जमानत पर छूट गया और फिर से अपराध करने लगा। यूपी पुलिस ने मोनू पर इनाम भी घोषित कर रखा है।

You may have missed