October 13, 2024

Crime news: खनन चोरी का आरोप में प्रदेश कांग्रेस सचिव दिनेश जैन बॉस गिरफ्तार

उज्जैन,,18जनवरी(इ खबर टुडे)। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े खनिज राजस्व चोरी के मामले में मंगलवार को उज्जैन जिले के महिदपुर रोड़ में पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस सचिव दिनेश जैन बॉस को गिरफ्तार किया है। प्रदेश कांग्रेस सचिव दिनेश जैन पर 30 करोड़ 29 लाख की खनन चोरी का आरोप है। इसके साथ ही प्रदूषण विभाग द्वारा एक अन्य मामले में उनकी गिरफ्तारी की गई है। दिनेश जैन बॉस को आज कोर्ट में पेश किया जायेंगा।

प्रदेश में लगातार माफियाओं और बदमाशों के खिलाफ प्रदेश सरकार द्वारा अभियान चलाते हुए कार्यवाही की जा रही है। ऐसे में उज्जैन के महिदपुर रोड थाना पुलिस ने प्रदेश के सबसे बड़े खनिज प्रकरण के मामले में बड़ी कार्यवाही की है। महिदपुर रोड पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस सचिव दिनेश जैन बॉस को सुबह घर से गिरफ्तार किया है और पुलिस थाने में उनसे पूछताछ की गई, उसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने के लिये ले जाया गया। महिदपुर रोड निवासी दिनेश जैन बोस पिता मांगीलाल जैन के खिलाफ सहायक खनिज अधिकारी महेन्द्र पटेल ने एक शिकायती आवेदन दिया था। जिसके जांच के बाद दिनेश जैन बोस के खिलाफ धारा 379, 414 और अवैध उत्खनन अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

दो प्रकरणों में होना थी गिरफ्तारी
महिदपसुर रोड़ थाना प्रभारी हेमंत सिंह जादौन ने बताया कि दिनेश जैन के खिलाफ अगस्त 2021 में अवैध खनन के राजस्व वसूली को लेकर कोर्ट के निर्देश पर प्रकरण दर्ज किया गया था। जिसके बाद दिनेश जैन फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने दिनेश जैन को उसके घर से गिरफ्तार किया है। दिनेश जैन पर 30 करोड़ 29 लाख रुपए का खनिज राजस्व चोरी करने का आरोप है। साथ ही प्रदूषण विभाग के एक मामले में भी पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार दिनेश जैन को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

नही करवाई राशि जमा
पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में न्यायालय में की गई समस्त अपील खरीज होने के बाद भी दिनेश जैन बोस ने अर्थदण्ड की राशि जमा नहीं की। हाई कोर्ट के आदेश पर कलेक्टर द्वारा 16 जुन 2021 को सूचना पत्र जारी कर 7 दिन के अंदर 30 करोड रुपए से अधिक की जुर्माना राशि जमा करवाने के आदेश दिए गए थे। लेकिन उस पर भी प्रदेश कांग्रेस सचिव दिनेश जैन बोस ने कोई अमल नहीं किया। यहीं कारण है कि बुधवार को खनिज अधिकारी की शिकायत के बाद कांग्रेसी नेता के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

You may have missed