October 13, 2024

Cold in mp: मध्य प्रदेश में ठंड ने दिखाए तेवर, तीन दिन बाद मिल सकती है कुछ राहत

भोपाल,19 दिसंबर (इ खबर टुडे)। फिलहाल किसी वेदर सिस्टम के सक्रिय नहीं रहने से आसमान साफ है। उत्तर भारत के साथ ही पड़ोसी राज्य राजस्थान व गुजरात कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। हवा का रुख लगातार उत्तरी बना हुआ है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में दिन-रात के तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है। शनिवार को शाम ढलते ही पारा तीन घंटे में 6.2 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी दो-तीन दिन में ठंड के तेवर और तीखे हो सकते हैं। उसके बाद कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि शनिवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 19.4 डिग्री से. दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री से. कम रहा। साथ ही शुक्रवार के अधिकतम तापमान (21.8 डिग्री से.) की तुलना में 2.4 डिग्री से. कम रहा। यह इस सीजन का दिन का सबसे कम तापमान भी रहा। रविवार को भी शीतल दिन रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत के अलावा पड़ोसी राज्य राजस्थान, गुजरात भी कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। हवा का रुख भी लगातार उत्तरी बना हुआ है।

उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिन और रात के तापमान में तेजी से गिरावट हो रही है। रविवार को प्रदेश के आधे जिलों में शीतलहर चलने के आसार हैं। इसके साथ ही कहीं-कहीं फसलों पर पाला पड़ने की भी आशंका है। मौसम का इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन तक बना रहने की संभावना है। 22 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसने प्रभाव से हवाओं का रुख बदलेगा। इससे रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। इससे ठंड से कुछ राहत मिलने लगेगी।

You may have missed