September 23, 2024

भीषण हादसा: रूस में क्रैश हुआ यात्री विमान, सभी 71 के मरने की आशंका

रूस/रामेंस्की ,11 फरवरी (इ खबरटुडे)।रूस का एक विमान राजधानी के दोमोदेदोवो हवाईअड्डे से उड़ान भरने के बाद मॉस्को के बाहरी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसमें चालक दल के छह सदस्यों सहित कुल 71 लोग सवार थे। आशंका जताई जा रही है कि इस भीषण विमान हादसे में सभी 71 लोगों की मौत हो गई है।

रूसी मीडिया की खबर के मुताबिक यह विमान यूराल पर्वतमाला के दक्षिणी छोर पर स्थित ओर्स्क शहर जा रहा था। विमान मास्को के बाहर रामेंस्की जिला में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। एंतोनोव एन -148 विमान का परिचालन घरेलू सारातोव एयरलाइंस करती है।

रूसी समाचार एजेंसियों की खबर के मुताबिक विमान में 65 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। रूसी आपात सेवा में मौजूद एक सूत्र ने इंटरफैक्स समाचार एजेंसी को बताया कि विमान में सवार 71 लोगों के जीवित बचे होने की कोई संभावना नहीं है। इसी समाचार एजेंसी ने खबर दी कि विमान का मलबा दुर्घटनास्थल के पास एक बड़े इलाके में बिखर गया।

रूस निर्मित विमान सात साल पुराना था औ इसे सारातोव एयरलाइंस ने एक साल पहले दूसरी रूसी एयरलाइन से खरीदा था। रूसी मीडिया के मुताबिक आपात सेवा सड़क मार्ग से दुर्घटनास्थल पर पहुंच पाने में अक्षम है और बचावकर्मी मौके पर पैदल ही जा रहे हैं।
समाचार एजेंसियों की खबर के मुताबिक रूसी परिवहन मंत्री दुर्घटनास्थल पर जा रहे हैं। परिवहन मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना के लिए मौसम की परिस्थिति और मानवीय गलती सहित कई कारण हो सकते हैं। ओरेनबर्ग क्षेत्र के गवर्नर ने रूसी मीडिया को बताया कि विमान में सवार 60 से अधिक लोग इसी क्षेत्र से थे। अभियोजकों ने दुर्घटना के बाद सारातोव एयरलाइंस की जांच शुरू की है।

You may have missed