September 29, 2024

​ताल में किसान व सब्जी विक्रेताओं में झड़प, पथराव के बाद हवाई फायरिंग, 8 बाइक जलाई, टीआई घायल,

आंदोलनकारी किसानों द्वारा मना करने के बाद भी सब्जी विक्रेता नहीं माने तो हिंसक हुए

रतलाम,4 जून (इ खबर टुडे)। जिले के ताल कस्बे में शनिवार रात किसानों और सब्जी विक्रेताओं के बीच झड़प हो गई। किसानों द्वारा विरोध करने पर भी सब्जी विक्रेता नहीं माने तो आक्रोशित किसानों ने पथराव कर दिया। दोनों पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी में एसडीओपी बिसेनसिंह चौहान के वाहन समेत चार फोर व्हीलर के कांच फूट गए। 8 बाइक में आग लगा दी। पत्थर लगने से टीआई अरविंदसिंह राठौर घायल हुए। स्थिति नियंत्रण के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। हवाई फायरिंग की। धार्मिक स्थलों पर भी पत्थर फेंके। रात 10 बजे थानों से बल ताल पहुंचा। एसपी अमित सिंह भी रात 10.45 बजे ताल पहुंचे।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 7 बजे आसपास के किसान ताल पहुंचे। गांधी चौक चौराहे पर सब्जी नहीं बेचने की बात कही लेकिन सब्जी विक्रेता अड़ गए। इससे माहौल गरमाया लेकिन पुलिस पहुंचने पर किसान चले गए। रात करीब 8.15 बजे 300 से अधिक किसान वापस ताल में एकत्र हुए। गांधी चौक, राणाप्रताप मार्ग और आलोट नाका क्षेत्र में सब्जी विक्रेताओं और किसानों के बीच फिर माहौल गरमाया। पत्थरबाजी हुई। टीआई राठौर बल के साथ पहुंचे लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। एक पत्थर टीआई राठौर को भी आ लगा। इसके बाद उन्होंने हवाई फायरिंग की। पुलिसकर्मियों ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। रात 9.30 बजे आसपास थानों से बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को हटाया। सूचना पर आसपास ग्रामीण क्षेत्र से विहिप, बजरंगदल के कार्यकर्ता भी नगर तरफ बढ़े लेकिन पुलिस ने नगर के चारों तरफ बल तैनात कर उन्हें बाहर ही रोक दिया। एसपी संह ने बताया दोनों पक्षों को समझाइश दी है। स्थिति नियंत्रण में और हालात सामान्य है।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds