October 7, 2024

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में अदभुत काम हुआ — केन्द्रीय मंत्री वेंकैया नायडू

भोपाल ,17 अक्टूबर (इ खबरटुडे)।केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ऊर्जावान नेतृत्व में मध्यप्रदेश के चहुँमुखी विकास का अदभुत काम हुआ है। इससे प्रदेश बीमारू राज्य की छबि से बाहर निकल कर तेजी से विकास करने वाले आदर्श राज्यों की श्रेणी में आ गया है।

केन्द्रीय मंत्री श्री नायडू आज भोपाल में शहरी विकास संबंधी कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि श्री चौहान के कुशल नेतृत्व में मध्यप्रदेश में सिंचाई, सड़क, बिजली एवं कृषि के क्षेत्र में अकल्पनीय काम हुआ है। प्रदेश की कृषि विकास दर लगातार चार वर्ष से 20 से अधिक बनी हुई है तथा विकास दर लगातार 7 वर्ष से दस प्रतिशत से अधिक है। इसके अलावा प्रदेश में महिला सशक्तिकरण एवं शहरी अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में बेमिसाल कार्य हुआ है।

उन्होंने मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व-कृतित्व की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पिछले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बना है। श्री नायडू ने उम्मीद जाहिर की कि मध्यप्रदेश स्मार्ट सिटी और शहरी विकास के अन्य घटकों का उत्कृष्ट क्रियान्वयन कर देश में अग्रणी राज्य बनेगा।

केन्द्रीय मंत्री नायडू एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा स्वच्छता और स्मार्ट सिटी प्रदर्शनी का शुभारंभ
केन्द्रीय शहरी विकास एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री वैंकेया नायडू एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नगरीय विकास विषयों की कार्यशाला में स्वच्छता एवं स्मार्ट सिटी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह भी उपस्थित थीं।

प्रदर्शनी में विभिन्न क्षेत्रों से आयी स्वच्छता उपकरण निर्माण कम्पनियों द्वारा उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। नगर निगम जबलपुर द्वारा स्थापित 11.5 मेगावाट कचरे से विद्युत उत्पादन इकाई का मॉडल प्रदर्शित किया गया। राज्य में इसी प्रकार 5 इकाई स्थापित कर 65 मेगावाट बिजली कचरे से बनाये जाने की कार्य-योजना की जानकारी आयुक्त नगरीय विकास श्री विवेक अग्रवाल ने दी।

प्रदर्शनी में कम्पोस्ट आधारित प्लान्ट इकोमेन, ग्रीन वेस्ट और नर्मदा बायोटेक 54 मीट्रिक टन इकाई आदि द्वारा कम्पोस्टिंग मशीन का प्रदर्शन किया। घर में कम्पोस्ट बनाने की तकनीक का प्रदर्शन ‘ मुस्कान’ संस्था द्वारा किया गया। महिन्द्रा एवं महिन्द्रा द्वारा कचरा वाहन का प्रदर्शन किया गया। प्रीफेस टायलेट का माडल ‘काया’ संस्था द्वारा प्रदर्शित किया गया। मोल्डेड व्यक्तिगत शौचालय के संबंध में डी.वी.एम. इंजीनियर्स द्वारा जानकारी दी गयी। सार्वजनिक शौचालयों की श्रंखला का विवरण दिल्ली अर्बन आर्ट कमीशन एवं सुलभ इन्टरनेशनल द्वारा किया गया। सेनेटरी वेण्डिंग मशीन का प्रस्तुतिकरण हिन्दुस्तान लीवर लिमिटेड द्वारा किया गया। नगर निगम भोपाल एवं इंदौर ने प्रगति पर आधारित प्रस्तुतिकरण दिया।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds