Mahakumbh: प्रयागराज आने वाले रास्तों पर भीषण जाम, मध्य प्रदेश में वाहनों को रोका गया
![images](https://ekhabartoday.com/wp-content/uploads/2025/02/images.jpeg)
प्रयागराज,09फरवरी(इ खबर टुडे)। महाकुंभ में एक बार फिर से लोगों की भीड़ आनी शुरू हो गई है। 27वें दिन शनिवार एक करोड़ 22 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिसके चलते प्रयागराज आने वाली अधिकतर सड़कों पर जाम की स्थिति है। हजारों की तादाद में लोग प्रयागराज के बाहर जाम में फंसे हुए हैं। वहीं प्रयागराज में भी लोगों को घाटों तक पहुंचने के लिए घंटों का इंतजार करना पड़ रहा है।
भारी भीड़ को देखते हुए पार्किंग स्थल व रूटों पर आपात प्लान लागू कर दिया गया है। अगर बात प्रयागराज आने वाले रूट की करें तो फाफामऊ से प्रयागराज, झूंसी से प्रयागराज, जसरा से प्रयागराज आने वाले रास्तों पर भारी जाम लगा हुआ है। वाराणसी और मिर्जापुर हाईवे पर शनिवार को पांच-पांच किमी तक वाहनों की कतार लग गई है। संगम से 10 से 15 किलोमीटर पहले से ही वाहन रेंग रहे हैं। हाईवे से शहर में आने वाले प्रमुख मार्ग दिन में पूरी तरह से चोक हो गए हैं। इसके अलावा अंतरजनपदीय डायवर्जन प्वाइंटों से लेकर जनपदीय सीमाओं पर भी वाहनों की कतार लगी।
वाराणसी व मिर्जापुर हाईवे पर सुबह ही पांच-पांच किमी का जाम लग गया। नैनी में नए यमुना पुल से लेकर सरगम चौराहे तक तो झूंसी में शास्त्री ब्रिज से लेकर अंदावा तक वाहनों की कतार लगी रही। पुराने यमुना पुल पर भी भीषण जाम रहा। नए पुल पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया था, ऐसे में चौराहा पूरी तरह से चोक हो गया।
शहर में इन जगहों पर भीषण जाम
फाफामऊ, नैनी और इंडियन प्रेस चौराहा सहित कई जगहों पर यात्रियों की पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई। फाफामऊ में एक महामंडलेश्वर अपने कई वाहनों के साथ जाम में फंसे थे।