October 17, 2024

नायब सिंह सैनी का आज शपथ ग्रहण समारोह, दूसरी बार बनेंगे मुख्यमंत्री

पंचकूला, 17अक्टूबर(इ खबर टुडे)। हरियाणा की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे दशहरा ग्राउंड सेक्टर 5 पंचकूला में होने जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हरियाणा की नायब सरकार का शपथ ग्रहण होगा। इस शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न एनडीए शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी पहुंच रहे हैं।

पंचकुला में आयोजित होने जा रहे शपथ ग्रहण समारोह में करीब 50 हजार लोग शिरकत करेंगे। इससे पहले बुधवार को नायब सिंह सैनी ने अपने एक्स हैंडल पर शपथ ग्रहण समारोह का आमंत्रण देते हुए लिखा था। ‘सबको न्योता है जी।’

बीजेपी नेता नायब सिंह सैनी दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनेंगे। इससे पहले इस साल की शुरुआत में मनोहर लाल खट्टर की जगह उन्हें हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाया गया था।

शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार लोग होंगे शामिल
हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए चुनावों में भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया। वहीं कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की। हरियाणा में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने के साथ-साथ सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस बड़े कार्यक्रम में लगभग 50,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

You may have missed