June 29, 2024

6 साल की थी बिहार की बिटिया, पंजाब में रेप, जलाया गया, खामोश राहुल-तेजस्वी से BJP ने पूछा- बोलते क्यों नहीं

होशियारपुर/पटना,24 अक्टूबर(इ खबर टुडे )। उत्तर प्रदेश में महिला अपराध की हर वारदात विपक्ष को याद है। हाथरस के पूरे मामले को कांग्रेस ने बहुत करीब से देखा है। बतौर विपक्ष यह कांग्रेस की जिम्मेदारी भी बनती थी। होशियारपुर के टांडा गांव में बिहार के प्रवासी मजदूर की 6 साल की बेटी के साथ रेप किया गया। फिर शिनाख्त न हो पाए इस वजह से शव को जला दिया गया। गुरुवार को इस मामले की पंजाब पुलिस की ओर से जानकारी दी गई। पुलिस का कहना है कि लड़की की अधजली लाश टांडा के एक गांव स्थित एक घर में मिली। पंजाब में कांग्रेस की सरकार है। ऐसे में इस मामले में कांग्रेस खेमे की एक लंबी खामोशी ने उसे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के निशाने पर ला दिया है।

बिहार में बतौर विपक्ष कई मुद्दों पर मुखर रहने वाले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने भी इस मामले पर चुप्पी साध रखी है। बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी, कांग्रेस और वामदलों के साथ गठबंधन में है। ऐसे में बीजेपी की ओर से सवाल कांग्रेस के साथ-साथ तेजस्वी यादव से भी किए जा रहे हैं।

निर्मला सीतारमन का सवाल

केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘बिहार के दलित प्रवासी मजदूर की एक 6 वर्षीय बेटी के साथ रेप किया गया। उसकी हत्या कर दी गई। होशियारपुर में उसके शव को आधा जला दिया गया। लेकिन इन सबके बावजूद भाई-बहन (राहुल गांधी-प्रियंका गांधी) की आत्मा जरा भी नहीं डोली। ये वही भाई-बहन हैं जो हर उस स्थान पर पहुंचते हैं, जहां से इन्हें राजनीतिक लाभ होता है।’

‘…तो चुप्पी क्यों साध ली जाती है?’

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा, ‘ट्वीट फ्रेंडली राहुल गांधी की ओर से एक भी शब्द नहीं कहा गया। होशियारपुर में हुई रेप की वारदात पर कोई ट्वीट नहीं किया गया। इस पर कोई गुस्सा नहीं जताया गया। पीड़ित परिवार का दर्द भी जानने की कोशिश नहीं की गई। इस पार्टी की अध्यक्ष एक महिला हैं। क्या इस तरह का चुनिंदा व्यवहार उनकी पार्टी को शोभा देता है।’ सीतारमण ने कहा, ‘रेप की किसी भी वारदात का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। लेकिन ऐसा किया जाता है। भयावहता के इन मामलों को सुविधा के अनुसार उठाया जाता है। कांग्रेस शासित राज्यों में जब इस तरह के अपराध होते हैं तो चुप्पी साध ली जाती है।’

जावड़ेकर ने भी किया हमला

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, ‘बिहार से आने वाली 6 वर्षीय लड़की के साथ होशियारपुर के टांडा गांव में रेप किया गया। फिर उसकी हत्या कर दी गई। यह घटना स्तब्ध कर देने वाली है। राजनीतिक यात्राओं पर जाने के बजाए राहुल गांधी को टांडा (पंजाब) और राजस्थान का दौरा करना चाहिए। उन्हें महिलाओं पर हो रहे इन अपराधों को संज्ञान में लेना चाहिए।’

जानें, टांडा की पूरी वारदात

टांडा स्थित एक गांव में गुरुवार (22 अक्टूबर) को एक छह साल की बच्ची से दुष्कर्म कर उसे जला दिया गया था। बच्ची का शव आरोपी के घर में अधजली हालत में मिला था। इसके बाद नाराज स्थानीय लोगों ने आरोपी और उसके दादा पर हमला कर दिया था। बच्ची के शव का शुक्रवार को गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे। अंतिम संस्कार से पहले जब बच्ची का शव गांव के बीच में पहुंचा तो आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के घर के बाहर प्रदर्शन किया।

You may have missed