May 15, 2024

Crocodile : बाढ़ का पानी उतरने के बाद घर से निकला 15 फीट लंबा मगरमच्छ, बकरी को जिंदा निगला

मुरैना,29 अगस्त (इ खबर टुडे)। मध्य प्रदेश में बीते दिनों जोरदार बारिश के बाद कई नदियां उफान पर थीं। बाढ़ ने कई गांवों को प्रभावित किया। फसलें तबाह हो गईं, लोगों के घर ढह गए वहीं नई समस्या ये कि घरों से बड़े-बड़े मगरमच्छ निकलने के मामले सामने आ रहे हैं। दमोह, भोपाल, शिवपुरी में मगरमच्छ मिलने की खबरें आ ही चुकी हैं। अब ताजा मामला मुरैना जिले का है। यहां 15 फीट लंबा मगरमच्छ निकला है।

मुरैना में चंबल की बाढ़ ने खासा प्रभावित किया। तीन दिन ग्रामीणों ने जैसे तैसे काटे। अब जब ग्रामीण घर लौटने लगे हैं तो कई जानवर उनके घरों से निकल रहे हैं। जिले के बीरपुर कुथियाना गांव में बाढ़ का पानी कम होने के बाद सोमवार को राजू तोमर के घर के पास 15 फीट लंबा मगरमच्छ निकला। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम को सूचना दी।

मगरमच्छ ने बकरी को जिंदा निगला
मगरमच्छ के सामने एक बकरी पड़ गई। मगरमच्छ ने बकरी को जिंदा ही निगल लिया। जब ग्रामीणों ने यह नजारा देखा तो ग्रामीण और भी डर गए। ग्रामीणों को डर सताने लगा कि कहीं मगरमच्छ उनको कोई नुकसान ना पहुंचा दें इसलिए सभी ग्रामीण एकजुट होने लगे और मगरमच्छ को चारों तरफ से घेर लिया।

जैसे ही वन विभाग के अमले को इस बात की जानकारी मिली कि गांव में मगरमच्छ घुस गया है तो वन विभाग का अमला मौके पर पहुंच गया। वन विभाग के अमले ने देखा कि ग्रामीणों ने मगरमच्छ को बंधक बना रखा है। इसके बाद वन विभाग के अमले ने मगरमच्छ को चंबल नदी में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds