उज्जैन
सीएम पहुंचे उज्जैन, सिंहस्थ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण

उज्जैन,02मार्च (इ खबरटुडे)। शहर को एक दिन में करीब 655 करोड़ के निर्माण कार्यों की सौगात मिल रही है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान 126 निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही शहर में सिंहस्थ के लिए बने सभी ब्रिज तथा ओवरब्रिज भी खुल जाएंगे। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
मुख्यमंत्री पहली बार एक दिन में 654.44 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके पहले मुख्यमंत्री करीब 500 करोड़ के कार्य लोकार्पित कर चुके हैं। लोकार्पण के दूसरे चरण में 10 विभागों के 126 कार्यों का चयन किया गया है।मुख्यमंत्री ने सुबह शहर में आते ही निर्माण कार्यों का लोकार्पण शुरू किया शुरूआत देवासरोड स्थित पाइप फैक्टरी चौराहा से हुई। समापन इंदिरानगर क्षेत्र स्थित च्यवनेश्वर महादेव मंदिर पर होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री साधुसंतों से चर्चा और सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद वे शाम 7.50 बजे इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रभारी मंत्री भूपेंद्रसिंह भोपाल से मुख्यमंत्री के साथ ही प्लेन से आएंगे।
एक साथ 9 पुलों का होगा उद्घाटन
सिंहस्थ की तैयारी के लिए शहर में बने सभी ब्रिज और ओवरब्रिज का एकसाथ उद्घाटन होगा। जीरो पाइंट ओवरब्रिज, एमआर 5, एमआर 10, चिंतामन क्रॉसिंग रेलवे ओवरब्रिज सहित शिप्रा नदी पर बने ऋणमुक्तेश्वर, नृसिंहघाट, बड़े पुल के समानांतर अतिरिक्त पुल, ओखलेश्वर घाट से विक्रांत भैरव तक बने ब्रिज का लोकार्पण होने जा रहा है। आम लोगों को इनके उद्घाटन का इंतजार सबसे ज्यादा है।
जीरो पाइंट रेलवे ओवरब्रिज के खुलने से लोगों को आगर रोड क्षेत्र से फ्रीगंज की ओर आने में बड़ी सुविधा मिलेगी। फ्रीगंज ओवरब्रिज पर जाना नहीं पड़ेगा। एमआर 5 ओवरब्रिज खुलने से लोगों को रेलवे फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
एक तरफ श्रीकृष्ण दूसरी ओर बलराम सेतु
सिंहस्थ के सभी निर्माण कार्यों का नामकरण करने का प्रस्ताव निगम स्वीकृति की प्रत्याशा में मंजूर किया जा चुका है। इसमें शिप्रा नदी पर बने बड़े पुल (पुराना) का नामकरण श्रीकृष्ण सेतु, नए अतिरिक्त पुल का नाम श्री बलराम सेतु और छोटे पुल का सुदामा सेतु है।
जीरो पाइंट ब्रिज का नाम वराहमिहिर सेतु, एमआर 5 ओवरब्रिज का वासवदत्ता, एमआर 10 का राजा भोज, चिंतामन रेलवे क्रॉसिंग का श्री विशाला, ऋणमुक्तेश्वर पुल का जदरूप, नृसिंहघाट पुल का हरिहर, ओखलेश्वर घाट से विक्रांत भैरव तक वेताल, मंगलनाथ मंदिर पर बने नए पुल का नाम लोकमंगल, रामघाट रपट का संत, उज्जैन इंदौर रोड पर त्रिवेणी के पास बने पुल का नाम अहिल्या सेतु रखा है। इसी तरह सभी कार्यों के नामकरण किए गए हैं।