May 15, 2024

शासकीय योजनाओं में बनने वाले आवासों में पहले लिखा जायेगा महिला का नाम

होशंगाबाद एवं बैतूल में हर माह होगी विशेष महिला जन-सुनवाई
सुखतवा में नर्मदा महिला संघ के “नारी मिलन पर्व” में मुख्यमंत्री श्री चौहान 
भोपाल,23 फरवरी (इ खबरटुडे)। होशंगाबाद और बैतूल जिले में आदिवासी महिलाओं की समस्याओं के निराकरण के लिये हर माह विशेष महिला जन-सुनवाई की जायेगी।

 शासकीय योजनाओं में बनने वाले आवासों में पहला नाम महिला का होगा। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने यह बात होशंगाबाद जिले के विकासखण्ड केसला के ग्राम सुखतवा में नर्मदा महिला संघ के 14वें वार्षिक अधिवेशन के ‘नारी मिलन पर्व” में कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला संघ के कार्यालय भवन के लिये 24 लाख रुपये दिये जायेंगे। उन्होंने कहा कि संघ की 11 हजार 400 बहनों ने 300 करोड़ का प्रोडक्ट तैयार करके दिखाया है। इनके कार्य को ग्रामीण आजीविका मिशन से जोड़ा जायेगा। श्री चौहान ने नर्मदा संघ की महिलाओं को अपने-अपने घर में शौचालय बनवाने और दूसरों को इसके लिये प्रेरित करने का संकल्प दिलवाया।
फल एवं सब्जी का रूट बनेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि होशंगाबाद एवं बैतूल में फल एवं सब्जियों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिये फल एवं सब्जी का रूट बनाया जायेगा। इससे महिलाओं और कृषकों को उनकी उपज का सही दाम मिल सकेगा। उन्होंने फसल कटाई के बाद स्टॉप-डेम, बोरी-बँधान और कुओं का संधारण करवाने के निर्देश दिये। क्षेत्र में टसर एवं रेशम का उत्पादन बढ़ाने की कार्य-योजना बनायी जायेगी।
वर्ष 2022 तक सभी पात्र गरीब को आवास दिये जायेंगे
अनुसूचित-जनजाति के मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाले ऐसे विद्यार्थी जो फीस देने में असमर्थ हैं, उनकी फीस सरकार भरेगी। श्री चौहान ने कहा कि वर्ष 2022 तक सभी पात्र गरीब को आवास दिये जायेंगे। उन्होंने महिलाओं से शराबबंदी, स्वच्छता, जल-संरक्षण तथा बेटी बचाने का संकल्प दिलवाया। मुख्यमंत्री ने छीतापुरा की सरपंच गायत्रीबाई एवं सिलवानी की सरपंच बसंतीबाई को भू-अधिकार-पत्र वितरित किया।
अधिवेशन को लोक निर्माण मंत्री सरताज सिंह, सांसद राव उदय प्रताप सिंह और मध्यप्रदेश खनिज विकास निगम के अध्यक्ष शिव चौबे ने भी सम्बोधित किया।
संघ ने 10 गाँव में सामुदायिक सूचना-केन्द्र स्थापित
संघ की अध्यक्ष श्रीमती सुनीताबाई ने बताया कि संघ में 207 गाँव जुड़े हैं। संघों की संख्या 874 है। संघ की 245 समिति स्कूलों में मध्यान्ह भोजन का संचालन करती हैं। लगभग 200 घर में शौचालय का निर्माण करवाया है। मशरूम, शहतूत एवं मुर्गी-पालन का व्यवसाय 6000 महिला कर रही हैं। संघ ने 10 गाँव में सामुदायिक सूचना-केन्द्र स्थापित किया है। संघ की 5 शाखा सुखतवा, भौरा, पाठा, डोडरामऊ और बेलपाट में संचालित हैं। इस दौरान विधायक विजयपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल पटेल एवं अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds