May 14, 2024

विशेष ग्रामसभा, जन-सुनवाई और नारी शक्ति चौपाल लगेगी

थाना, अदालत, बैंक और पोस्ट-ऑफिस का करवाया जायेगा भ्रमण
 
भोपाल,01मार्च (इ खबरटुडे)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश में 8 से 15 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सप्ताह के पहले दिन आठ मार्च को विशेष महिला जन-सुनवाई और ग्राम सभाएँ सभी 52 हजार गाँव में होंगी। महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने यह जानकारी दी।

संघर्षशील महिलाओं का सम्मान किया जायेगा
मंत्री श्रीमती माया सिंह ने बताया कि 8 मार्च को विशेष महिला जन-सुनवाई में कलेक्टर अलग से सिर्फ महिलाओं की सुनवाई करेंगे। विशेष ग्राम-सभाओं में ‘महिला नीति’ के बिन्दुओं पर चर्चा होगी। नारी शक्ति चौपाल में ऐसी महिलाएँ अपनी कहानी सुनायेंगी, जिन्होंने संघर्ष करते हुए एक बेहतर मुकाम हासिल किया है। इस दिन विभिन्न क्षेत्रों में सफल महिलाओं के साथ संवाद होगा। ऐसी महिलाओं के साथ भी संवाद किया जाये, जो एसिड अटेक, शारीरिक अत्याचार और सिंगल मदर हैं और संघर्ष करते हुए उन्होंने समाज में अपना स्थान खुद हासिल किया। आठ मार्च को ही सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें महिला सशक्तिकरण थीम पर प्रस्तुतियाँ दी जायेंगी। इस दिन संघर्षशील महिलाओं का सम्मान भी किया जायेगा।
सप्ताह के दूसरे दिन 9 मार्च को महिलाओं को महिला थाने का भ्रमण करवाया जायेगा। शौर्या दल के सदस्य, महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच संवाद होगा। इसमें महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध जैसे- घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, छेड़छाड़, मारपीट और शारीरिक अत्याचार के बारे में एफ.आई.आर. और पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्यवाही के बारे में बताया जायेगा। इसी दिन महिलाओं का परिवार परामर्श केन्द्र से परिचय करवाया जायेगा। इन जानकारियों के आधार पर प्रश्न मंच होगा और सही जवाब देने वाली महिलाओं को पुरस्कार दिये जायेंगे।
परिवार परामर्श केन्द्र की जानकारी दी जायेगी
सप्ताह के तीसरे दिन दस मार्च को महिलाओं को जिला अदालत का भ्रमण करवाया जायेगा। न्यायालयीन कार्यवाही की जानकारी देने के साथ ही महिलाओं, शौर्या दल के साथ न्यायाधीश एवं विधिक सहायता अधिकारियों का संवाद होगा। इसमें महिलाओं से संबंधित कानून एवं अधिकारों की जानकारी दी जायेगी। इसमें सम्पत्ति अधिकार, नि:शुल्क विधिक सहायता, परिवार परामर्श केन्द्र की जानकारी दी जायेगी।
महिलाओं को रोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी 11 मार्च को दी जायेगी प्रदर्शनी भी लगेगी। इच्छुक महिलाओं को पात्रतानुसार लाभ दिलवाने के लिये मौके पर फार्म भरवाये जायेंगे। मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण योजना की हितग्राही को लाभ दिया जायेगा। जिला उद्योग केन्द्र द्वारा ऋण लेने के संबंध में जानकारी दी जायेगी। स्थानीय आवश्यकतानुसार लघु उद्योगों की स्थापना के लिए प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जायेगा। आर.टी.ओ. ड्राइविंग लायसेंस बनाने के लिए स्टॉल लगायेगा। सफल महिला उद्यमियों का सम्मान भी किया जायेगा।
परिवार नियोजन के बारे में बताया जायेगा
बैंक और पोस्ट ऑफिस का 12 मार्च को भ्रमण करवाया जायेगा। महिलाओं को एकाउंट, एफडी, लोन की पात्रता, गोल्ड लोन, प्रधानमंत्री जन-धन, सुकन्या समृद्धि, एन.एस.सी. आदि की जानकारी दी जायेगी।विशेष स्वास्थ्य शिविर 14 मार्च को लगाये जायेंगे। इनमें डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, सी.वी.सी., आईसाइट, वजन आदि का परीक्षण अनिवार्य रूप से किया जायेगा। महिलाओं को संतुलित आहार, सस्ती सुलभ खाद्य सामग्री और उसकी पौष्टिकता के बारे में जानकारी दी जायेगी। परिवार नियोजन के बारे में भी बताया जायेगा।
नशामुक्ति केन्द्र का भ्रमण 15 मार्च को करवाया जायेगा। महिलाओं को शराब, धूम्रपान, गुटखा-तंबाखू, जुआ आदि व्यसन से मुक्ति के उपाय बताये जायेंगे। महिला प्रधान भारतीय फिल्म का प्रदर्शन भी होगा।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds