May 5, 2024

विद्यालय और महाविद्यालय में होगा हिन्दी ओलम्पियाड

अपनी भाषा, संस्कृति और वेश-भूषा से करें प्रेम

भोपाल  14सितम्बर (इ खबरटुडे)। अपनी भाषा, संस्कृति और वेश-भूषा से प्रेम करें। गृह मंत्री बाबूलाल गौर ने यह बात हिन्दी दिवस समारोह में कही। समारोह में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि प्रति वर्ष शासकीय विद्यालय और महाविद्यालयों में हिन्दी ओलम्पियाड करवाये जायेंगे। ओलम्पियाड में विजयी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा।

श्री गौर ने कहा कि हिन्दी और हिन्दू संस्कृतिको नष्ट करना अँग्रेजों की कुटिल चाल थी। उन्होंने कहा कि विभिन्न हमलावरों के कुप्रयासों के बावजूद हिन्दी और हिन्दू संस्कृति अक्षुण्ण थी और रहेगी। ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि हिन्दी माध्यम के स्कूल में बच्चों को पढ़ाना हिन्दी की सबसे बड़ी सेवा होगी। उन्होंने कहा कि अँग्रेजों ने जितनी अंग्रेजी 100 वर्ष में नहीं सिखायी उससे कई गुना अंग्रेजी स्वतंत्रता के बाद सिखायी गयी।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री गुप्ता ने कहा कि कोई विदेशी भाषा आम जन की भाषा नहीं बन सकती है। उन्होंने कहा कि लगभग 137 देश में हिन्दी बोली जाती है। श्री गुप्ता ने कहा कि अन्य भाषाओं का भी ज्ञान हो, लेकिन हिन्दी अनिवार्य हो। सांसद अनिल माधव दवे ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को हिन्दी में हस्ताक्षर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिन्दी और उसकी सहेली भाषाओं का विकास होना चाहिए। प्राथमिक शिक्षा मातृ-भाषा में दी जानी चाहिए।

संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि हिन्दी के संरक्षण और संवर्धन के हरसंभव प्रयास किये जाने चाहिए। महारानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय की छात्रा कु. अनुश्री सक्सेना ने कहा कि हिन्दी को राष्ट्र भाषा के साथ ही विश्व भाषा बनाने के प्रयास होना चाहिए। सरोजिनी नायडू कन्या महाविद्यालय की छात्रा कु. श्रुति मिश्रा ने कहा भाषा वर्षों नहीं सदियों में विकसित होती है। प्राध्यापक उर्मिला शिरीष ने कहा कि हिन्दी वर्ष मनाया जाये।

समारोह में सभी उपस्थित जन को ‘हिन्दी सेवा’ की शपथ दिलवायी गयी। समारोह का शुभारंभ मध्यप्रदेश और हिन्दी गान से हुआ।
समारोह में सांसद आलोक संजर, विधायकद्वय विश्वास सारंग और रामेश्वर शर्मा एवं अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds