May 18, 2024

राशि लैप्स होने पर अधिकारियों के खिलाफ होगी कार्यवाही

 कलेक्टर ने जिलाधिकारियों की बैठक ली

रतलाम 11मार्च (इ खबर टुडे)।  कलेक्टर राजीव दुबे ने सभी जिलाधिकारियों को आगाह किया है कि उनके विभाग की राशि लैप्स होने पर इसे उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी माना जाएगा और सख्त कार्यवाही की जाएगी। श्री दुबे आज यहां जिलाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी महत्वपूर्ण विभागों के शेष बजट की जानकारी ली। सहायक कोषालय अधिकारी राकेश मेहता ने विभागवार शेष राशि का ब्यौरा दिया।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि उपलब्ध राशि का वित्तीय वर्ष के समापन के पूर्व उपयोग कर लिया जाए। जनहित में व्यय होने वाली राशि का उपयोग नहीं होने की स्थिति को बेहद गंभीरता से लिया जाएगा। जिन अधिकारियों को मुख्य रूप से सचेत किया गया उनमें उप संचालक कृषि,सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी नदी घाटी योजना,महाप्रबंधक उद्योग,वन मण्डलाधिकारी,महिला एवं बाल विकास अधिकारी,उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं,सिविल सर्जन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शामिल थे। कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट की  विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारियों को भी हिदायत दी कि उपलब्ध राशि का समय रहते सदुपयोग सुनिश्चित करें। श्री दुबे ने ताकीद की कि विभागों के भौतिक और वित्तीय लक्ष्य पूरे किए जाने चाहिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को सचेत किया कि यदि पोषण आहार की कमी होने के बावजूद राशि समर्पित की जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही होगी।

कलेक्टर श्री दुबे ने बीमारियों के प्रकोप की संभावना के मद्देनजर नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया को निर्देश दिए कि वे तत्काल शहर में सफाई अभियान आरंभ कराएं।कहीं से भी गंदगी के बारे में जानकारी मिलने पर तत्काल सफाई के इंतजाम किए जाने चाहिए। श्री झारिया ने अवगत कराया कि पुख्ता सफाई बंदोबस्त किए जा रहे हैं और आवश्यकतानुसार दवा के छिड़काव के इंतजाम भी किए जा रहे हैं।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि रोगों की संभावना को देखते हुए पर्याप्त दवाईयों के इंतजाम किए गए हैं तथा आवश्यकतानुसार दवाईयां उपलब्ध कराई जा सकेंगी। श्री दुबे ने निर्देशित किया कि मौसम में बदलाव तथा अन्य कारणों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के प्रति सतर्कता बरती जाए और जरूरी कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में लाईजनिंग आफिसर बनाने के भी निर्देश दिए जो आयुक्त नगर निगम से सतत सम्पर्क में रहे।

बैठक में अपर कलेक्टर निर्मल उपाध्याय ने प्रात:काल देर तक स्ट्रीट लाईट बंद नहीं होने पर ऐतराज जताया। उन्होंने आयुक्त नगर निगम श्री झारिया और अतिरिक्त मुख्य अभियंता विद्युत वितरण कंपनी एस.आर. बमनके को निर्देशित किया कि इस संबंध में आपसी सामंजस्य से उपयुक्त व्यवस्था करें। आयुक्त नगर निगम ने अवगत कराया कि आटो टाईमर लगाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री उपाध्याय ने गेहूं उपार्जन के लिए की गई व्यवस्थाओं का ब्यौरा तलब किया। उन्होंने जिले की मण्डियों में गेहूं की आवक के बारे में भी जानकारी ली। इस सिलसिले में कलेक्टर श्री दुबे ने सभी मण्डी सचिवों,कृषि,नागरिक आपूर्ति निगम,एवं वेयर हाऊस तथा अन्य संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई जाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान समय-सीमा के लम्बित प्रकरणों के बारे में भी समीक्षा की गई। अधिकारियों के बीच सीधे संवाद की बजाय पत्रों का आदान-प्रदान किए जाने के कारण होने वाले विलम्ब को लेकर कलेक्टर ने असंतोष जताया। जिला पंचायत के लम्बित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान श्री दुबे ने इस स्थिति पर नाराजगी जाहिर की कि जनपद पंचायतों के सीईओ की ओर से त्वरित जानकारी नहीं भेजी जा रही है। अपर कलेक्टर श्री उपाध्याय ने निर्देश दिए कि कमिश्नर आफिस से प्राप्त हुए पत्रों के सिलसिले में की गई कार्यवाही से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि वांछित कार्यवाही पूर्ण नहीं भी हुई हो तो कमिश्नर आफिस को अंतरिम जवाब भेजा जाना चाहिए। श्री उपाध्याय ने जन सुनवाई के लम्बित प्रकरणों की भी विभागवार समीक्षा की।

बैठक में रतलाम ग्रामीण के अनुविभागीय अधिकारी दिनेशचन्द्र सिंघी,जावरा के अनुविभागीय अधिकारी के.सी.जैन,संयुक्त कलेक्टर आर.के.नागराज एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री निशा डामोर व बी.एल.ननामा तथा विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

You may have missed

Here can be your custom HTML or Shortcode

This will close in 20 seconds