June 17, 2024

राजस्व मंडल को प्रभावी बनाया जायेगा – मुख्यमंत्री श्री चौहान

राज्य भूमि सुधार आयोग ने मुख्यमंत्री को सौंपा प्रतिवेदन

भोपाल,24 अप्रैल (इ खबरटुडे)।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहाँ मंत्रालय में राजस्व मंडल की कार्य-प्रणाली की समीक्षा करते हुए इसमें संगठनात्मक सुधार लाने और इसे सशक्त बनाने के लिये एक सप्ताह में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।

श्री चौहान ने कहा कि राजस्व मंडल राजस्व न्याय प्रणाली की शीर्ष संस्था है। इसे प्रभावी बनाने के लिये कदम उठाये जायेंगे। इसमें संगठनात्मक सुधार करते हुए इसकी न्यायिक और प्रशासनिक शक्तियों को बढ़ाने पर भी विचार किया जायेगा।

राज्य भूमि सुधार आयोग के अध्यक्ष इंद्रनील शंकर दाणी ने मुख्यमंत्री को भूमि और राजस्व प्रशासन में सुधार करने के लिये प्रतिवेदन सौंपा। प्रतिवेदन में राजस्व प्रशासन को और ज्यादा सुदृढ़ बनाने और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने के संबंध में अनुशंसाएँ की गई हैं। प्रतिवेदन में बिहार, तमिलनाडु, राजस्थान, आंध्रप्रदेश और महाराष्ट्र राज्यों के राजस्व प्रशासन का तुलनात्मक अध्ययन करते हुए विकल्प सुझाये गये हैं। बैठक में मुख्य सचिव बी पी सिंह, प्रमुख सचिव राजस्व श्री अरूण पाण्डे और संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

You may have missed