मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने तिरंगा फहरा कर परेड की सलामी ली

नेहरु स्टेडियम पर हुआ गणतंत्र दिवस समारोह
रतलाम,२६ जनवरी (इ खबरटुडे)। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्थानीय नेहरु स्टेडियम पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर परेड की सलामी ली। गणतंत्र दिवस समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग की बेहतरी के लिए काम करने का संकल्प व्यक्त किया।
गणतंत्र दिवस समारोह स्थानीय नेहरु स्टेडियम पर संपन्न हुआ। रतलाम के इतिहास में पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री ने यहां परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ठीक नौ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने एक खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया।
गणतंत्र दिवस पर प्रदेश की जनता को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होने कहा कि कृषि के क्षेत्र में प्रदेश ने लगातार चौथी बार कृषि कर्मण अवार्ड जीता है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के अन्नदाता किसान बधाई के पात्र है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए उन्होने घोषणा की कि गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेश के समस्त शासकीय जिला अस्पतालों में डायलेसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होने कहा कि महिला सशक्तिकरण के मामले में प्रदेश देश का अग्रणी राज्य है,जहां सभी सरकारी सेवाओं में महिलाओं को आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होने कहा कि राज्य सरकार के अथक प्रयत्नों के चलते आज मध्यप्रदेश सबसे तेज गति से विकास करने वाला राज्य बन गया है।
मुख्यमंत्री के सम्बोधन के पश्चात पुलिस ,होमगार्ड्स,सश बल,एनसीसी केडैट्स द्वारा आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली। परेड के बाद स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर श्रेष्ठ कार्य करने वाले शासकीय कर्मचारियों को पुरस्कारों का वितरण भी किया गया।