June 18, 2024

मंदिरों की जमीनों से अनधिकृत अतिक्रमण हटाये जायेंगे-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री चौहान से ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधि-मंडल मिला
 
भोपाल,03 जुलाई(इ खबरटुडे)।मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सामान्य वर्ग के गरीब और प्रतिभावान विद्यार्थी का चयन मेडिकल, इंजीनियरिंग या अन्य उच्च शिक्षा के लिये होने पर उनकी फीस राज्य सरकार द्वारा भरने की योजना बनाई जा रही है।

 मंदिरों की जमीनों से अनधिकृत अतिक्रमण हटाये जायेंगे। मंदिरों की जमीन पर लगी फसल में नुकसान पर पुजारी को मुआवजा दिया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ मुख्यमंत्री निवास पर ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि-मंडल को संबोधित कर रहे थे।
हमारी संस्कृति विश्व के कल्याण और सबके सुख की कामना करने वाली है
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पुजारी बनाना समाज का काम है, सरकार का नहीं। राज्य सरकार इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं करेगी। मंदिरों के पुजारी जिस जमीन पर रह रहे हैं उसका पट्टा उन्हें दिया जायेगा। पुजारियों के मानदेय के लिये आवश्यक कदम उठाये जायेंगे। श्री चौहान ने कहा कि हमारी संस्कृति विश्व के कल्याण और सबके सुख की कामना करने वाली है। राज्य सरकार ने इसी संस्कृति के आधार पर काम करते हुए और कई कल्याणकारी योजनाएँ बनाई हैं। इनमें मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना जैसी योजनाएँ शामिल हैं।
नर्मदा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिये 1300 करोड़ रूपये की योजना
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार ने उज्जैन में मंदिरों का जीर्णोद्धार तथा भारतीय संस्कृति के सबसे बड़े पर्व सिंहस्थ महाकुंभ का सफल आयोजन करवाया है। साथ ही भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव का विकास किया है। पवित्र नर्मदा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिये 1300 करोड़ रूपये की योजना गई है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के कल्याण के लिये अनेक योजनाएँ शुरू की गई हैं।
जल संसाधन एवं जनसंपर्क मंत्री  नरोत्तम मिश्रा, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष  शिव चौबे, राष्ट्रीय एकता परिषद मध्यप्रदेश के उपाध्यक्ष  रमेश शर्मा, जानापाव के महंत  बद्रीदास जी महाराज,  विष्णु शुक्ला बड़े भैया, पुजारी परिषद के अध्यक्ष  महेश व्यास मध्यप्रदेश पुजारी संघ के अध्यक्ष  नरेन्द्र दीक्षित, सर्व ब्राह्मण समन्वयक  विकास अवस्थी, मैथिल ब्राह्मण समाज के  यदुवंश झा, महाराष्ट्रियन ब्राह्मण समाज की सुश्री पूनम कुलकर्णी,  रामबाबू शर्मा,  श्याम पाठक,  एस.के. शर्मा और अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

You may have missed