मंगलवार से लापता माईक्रोफाईनेन्स कंपनी के मैनेजर की लाश बरामद,हत्या की आशंका
Dec 13, 2017, 15:38 IST
रतलाम,13 दिसम्बर (इ खबरटुडे)। मंगलवार शाम से लापता रतलाम निवासी राहूल
बैरागी की लाश बुधवार दोपहर यहां से करीब पचास किमी दूर बदनावर के समीप बरामद हुई। मृतक राहुल एक निजी माईक्रो फाईनेन्स कंपनी में मैनेजर के रुप में कार्यरत था। उसके परिजन कल से उसकी तलाश में जुटे थे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,बदनावर पेटलावद रोड पर बदनावर से करीब दो किमी आगे एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की शिनाख्त रतलाम निवासी राहुल बैरागी के रुप में की गई। उल्लेखनीय है कि राहुल बैरागी,रतलाम के जिला आयुष कार्यालय में पदस्थ मुख्य लिपिक महेन्द्र कुमार बैरागी का पुत्र था। बीती शाम वह बदनावर से रतलाम लौट रहा था,लेकिन रतलाम पंहुचा नहीं। शाम 6.50 मिनट पर उसकी अपने एक मित्र से मोबाइल पर बात हुई थी। इसके बाद उसका कहीं पता नहीं चल रहा था। राहुल के परिजन कल शाम से उसकी तलाश में जुटे थे। पुलिस भी उसकी खोजबीन कर रही थी। आज दोपहर बाद उसका शव बरामद हुआ। बदनावर पुलिस के मुताबिक शव होने की सूचना नागरिकों से मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने लाश को बरामद किया। प्रथमदृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। हांलाकि शव पर धारदार हथियारों के कोई वार नहीं पाए गए है,लेकिन लाश की स्थिति देखकर लगता है कि इसे किसी अन्य स्थान से लाकर यहां फेंका गया होगा। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।